Deepotsav 2025: 28 लाख से दीपकों में पड़ेगा 80 हजार लीटर सरसों का तेल, 55 लाख बातियां होगी इस्तेमाल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार : दिव्य एवं भव्य दीपोत्सव के लिए सरयू तट की राम की पैड़ी से लेकर चौधरी चरण सिंह घाट तक कुल 56 घाटों पर इस बार 28 लाख दीपक बिछाए जा रहे हैं। इन दीपकों में लगभग 80 हजार लीटर सरसों का तेल डाला जाएगा। और 55 लाख बातियां इस्तेमाल की जाएंगी, जो न केवल पर्यावरण अनुकूल हैं बल्कि पूरे शहर को रोशनी से सराबोर कर देंगी। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रयास न सिर्फ सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेगा बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

इस मेगा इवेंट की तैयारी में 32 हजार स्वयंसेवक जुटे हुए हैं, जो दीपकों को व्यवस्थित करने से लेकर जलाने तक की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा, 10 हजार अतिरिक्त कर्मचारी सुरक्षा और निगरानी के लिए तैनात रहेंगे, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो। प्रत्येक दीपक में 25-30 मिलीलीटर सरसों का तेल डाला जाएगा, जिससे वह 45 मिनट से एक घंटे तक जलते रहेंगे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि मौके पर रहेंगे और रिकॉर्ड की पुष्टि करेंगे। स्थानीय निवासी और पर्यटक जहां इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय द्वारा इस बार इस दीपोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर प्रसारित करने के लिए 18 से अधिक सोशल साइट्स पर सीधे प्रसारित करने जा रहा है और फेसबुक लाइव के लिए 55 से अधिक युवाओं को अलग से लगाया गया है।

5000 शिक्षकों की भी होगी सहभागिता

बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने दीपोत्सव-2025 को यादगार बनाने के लिए 5000 से अधिक शिक्षकों और शिक्षा मित्रों को पहली बार उत्सव में शामिल किया है। यह शिक्षा को सांस्कृतिक उत्सव से जोड़ने का अनूठा प्रयास है, जो अयोध्या के प्राचीन वैभव को पुनर्जीवित करेगी। शिक्षिकाएं लाल साड़ी में और शिक्षक पीले धोती-कुर्ते में सजे-धजे 56 घाटों पर ड्यूटी निभाएंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो सहभागिता का समन्वय करेंगे। सरयू नदी के तटों पर शिक्षक-शिक्षिकाएं रामायण की पवित्र चौपाइयां गुंजायमान करेंगे, जिससे वातावरण भक्ति और उत्साह से भर जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद सरोज ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। सभी निर्धारित परिधानों में शुक्रवार से घाटों पर पहुंच गए हैं।

 

 

 

संबंधित समाचार