Bareilly: धनतेरस आज, 300 करोड़ के कारोबार के लिए बाजार तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जीएसटी की नई दरें लागू होने के बाद से ही बाजार में बूम नजर आ रहा है। कारोबारियों ने धनतेरस पर ग्राहकों को लुभाने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इस वर्ष सिर्फ धनतेरस पर 250 से 300 करोड़ का कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है। सोना-चांदी के दाम आसमान छूने के बाद भी मांग पर कोई असर नहीं है। सोना-चांदी की खूब खरीदारी हो रही है। इस बार बर्तन बाजार भी खूब चमक रहा है।

दरअसल, धनतेरस पर सर्वाधिक बिक्री बर्तन, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम समेत वाहनों की होती है। अब धनतेरस पर स्टील के बर्तन खरीदने के ट्रेंड में बदलाव हुआ है। ग्राहक चांदी और तांबे के बर्तन खरीदना पसंद कर रहे हैं। जीएसटी में मिली रियायत के बाद ऑटो मोबाइल सेक्टर में लगातार बढ़ रहीं एडवांस बुकिंग के चलते समय पर वाहन की डिलीवरी तक देना दूभर हो गया है। हालांकि, त्योहारी सीजन के चलते कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
कारोबारियों की बात

सर्राफा कारोबारी राजेंद्र अग्रवाल बताते हैं कि धनतेरस पर इस बार शनिवार पड़ रहा है। सराफा बाजार पूरी तरह कमर कसकर तैयार है। इस बार रिकॉर्ड कारोबार की उम्मीद है। बर्तन कारोबारी जय अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से तांबा व पीतल के बर्तनों ने बाजार में वापसी की है। अब मध्यम आय वर्ग वाले अधिकांश परिवार धनतेरस पर पीतल व तांबे के बर्तनों को प्राथमिकता देते हैं। धनतेरस पर अच्छी बिक्री की संभावना है।

इलेक्ट्रिक कारोबारी अनूप अग्रवाल के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक बाजार में कंपनियों ने अनेकों आकर्षक योजनाएं लॉन्च की हैं। ग्राहकों को जीएसटी में राहत तथा कंपनियों द्वारा दी जाने वाली छूट से धनतेरस पर बाजार रिकॉर्ड बनाएगा। वाहन कारोबारी आनंद अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस के लिए गाड़ियों की बुकिंग पूर्व में ही हो चुकी है। हमारा सारा फोकस रहेगा कि लोगों की अपेक्षाएं पूरी हों और हम सभी को धनतेरस पर गाड़ी दे पाएं।


ऑफरों ने ग्राहकों को लुभाया, इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की मांग बढ़ी
धनतेरस का बाजार सज गया है। जीएसटी में हुए बदलाव के बाद सबसे ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की मांग बढ़ी है। इलेक्ट्रॉनिक आइटमों पर जीएसटी कम होने के साथ दिवाली ऑफर भी चल रहे हैं। ऑफरों के आकर्षण में ग्राहक जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बाजार पूरी तरह से धनतेरस में रंग गया है।

बाजार में दिवाली और धनतेरस को लेकर लोग काफी खरीदारी कर रहे हैं। केंन्द्र सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों पर 28 प्रतिशत से 18 प्रतिशत जीएसटी कर दी है जिससे ग्राहकों को काफी लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही दुकानदार और कंपनियां ग्राहकों को कई आकर्षक उपहार दे रही हैं। सामान्य दिनों में मिलने वाली एलईडी की 1 साल की वारंटी को बढ़ाकर 3 साल कर दिया गया। नो कॉस्ट ईएमआई का ऑफर चल रहा है। क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर कैश-बैक का ऑफर भी है। धनतेरस पर ग्राहक सबसे ज्यादा एलईडी खरीद रहे हैं। इसमें 4 के और क्यू एलईडी ट्रेंडिंग में बनी हुई हैं। दुकानदारों ने बताया कि 32 इंच एलईडी की मांग बहुत कम हो गई है। लोग सबसे ज्यादा 43, 55 और 65 इंच की एलईडी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। दूसरे नंबर पर वाशिंग मशीन बिक रही है। ग्राहक चिमनी, माइक्रोवेव, गीजर, फ्रिज, के साथ लोग शादियों के पैकेज भी बुक करा रहे हैं।

दिये और मोमबत्ती की होने लगी बिक्री
दिवाली के नजदीक आते ही बाजार में दिये और मोमबत्ती खरीदने ग्राहक पहुंच रहे हैं। बाजारों में मिट्टी के परंपरागत दियों के साथ ही रंग बिरंगे डिजायनर दिये मौजूद हैं। सामान्य दिये 80 रुपये सैकड़ो के हिसाब से मिल रहे हैं वहीं पंचमुखी दिया 30 से 40 रुपये का एक और डिजाइनर दिए 10 से 20 रुपये के हिसाब से मिल रहे हैं। मोमबत्ती 200 से 250 रुपये किलो के हिसाब से बाजार में बिक रही है और पैकेट के हिसाब से भी अलग-अलग कीमत में मोमबत्तियां उपलब्ध हैं।
मूर्तियों, खील-खिलौनों की सजी दुकानें

दिवाली पूजन के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की दुकानें बाजारों में सज गई हैं। बाजार में पीओपी, मिट्टी, ईको फ्रेंडली मूर्तियां मौजूद हैं जो 40 से 2500 रुपये कीमत में उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद की मूर्तियों को खरीद रहे हैं। वहीं दिवाली पर खील, मुरमरे, मीठे खिलौना पूजा के लिए लोग खरीदते हैं, वह भी बाजार में 80 रुपए किलो के हिसाब से बिक रहे हैं।

 

संबंधित समाचार