1 November Rule Change: पहली नवंबर से लागू होगी नई वर्टिकल व्यवस्था, 21 नए हेल्प डेस्क की स्थापना
लखनऊ, अमृत विचार: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में उपभोक्ता सेवाओं को मजबूत और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया गया है। मध्यांचल एमडी रिया केजरीवाल की ओर से मिली स्वीकृति के बाद लखनऊ के चार प्रमुख वितरण क्षेत्र गोमतीनगर, अमौसी, मध्य क्षेत्र और जानकीपुरम में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों का पुनर्गठन किया गया है। यह नई व्यवस्था 1 नवम्बर से प्रभावी होगी। यह पुनर्गठन वर्टिकल प्रणाली के आधार पर किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को अधिक सुगम, तुरंत और पारदर्शी बिजली सेवाओं को उपलब्ध कराना है।
इस व्यवस्था में एकल-विंडो के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी सभी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग अधिकारियों के पास नहीं जाना होगा। एक ही स्थान पर सभी सेवाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा उपभोक्ता बिजली कनेक्शन, बिल सुधार, मीटर लगवाने और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाओं का लाभ घर बैठे ले सकेंगे। सभी सेवाओं की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज करा सकेंगे, जिनका समाधान तेजी से किया जाएगा, साथ ही उनकी ट्रैकिंग भी संभव होगी। मीटर से संबंधित सेवाएं तय समय सीमा में पूर्ण की जाएंगी।नई व्यवस्था के अंतर्गत कार्यरत अधिकारियों की जवाबदेही को और अधिक सुनिश्चित किया गया है।
21 नए हेल्प डेस्क की स्थापना
उपभोक्ताओं की सुविधा को और बेहतर बनाने हेतु लखनऊ जनपद में 21 नए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर भी सहायता उपलब्ध होगी। एमडी मध्यांचल ने बताया कि यह पुनर्गठन न केवल तकनीकी दक्षता बढ़ाएगा, बल्कि उपभोक्ता संतुष्टि में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह परिवर्तन उपभोक्ता सेवा की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम सिद्ध होगा।
