Bareilly : धनतेरस की रात वारदात...दबंगों ने युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
बरेली, अमृत विचार। दबंगों ने तीस साल के एक युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। कसूर सिर्फ इतना था कि उसने दबंगों से घर के आगे गाली गलौज करने से मना किया। इसी बात से नाराज दबंगों ने युवक को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर का है। पूरा गांव धनतेरस के जश्न में डूबा हुआ था। तीस साल के रामभरोसे भी अपने घर में परिवार के साथ त्योहार की खुशिया मनाने में व्यस्त थे। तभी गांव के ही रहने वाले आनंद प्रकाश लालता प्रसाद और जगतपाल घर के आगे आ धमके। तीनों लोग बुरी तरह शराब के नशे में थे। आपस में बातचीत करने के दौरान ये शराबी खूब गालियां बक रहे थे।
राम भरोसे के भाई चंद्रपाल के मुताबिक तीनों को गाली गलौज करने से मना किया तो दबंग भाई के ऊपर हमलावर हो गए। उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। उधर जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। इधर राम भरोसे के परिवार में त्योहार की खुशियां काफूर हो गईं।
