बदायूं : नगर के फीडर से जोड़ा गया रुदैना, अब तक ग्रामीण से आ रही थी बिजली
बदायूं, अमृत विचार। लगभग 35 साल के इंतजार के बाद नगर पंचायत रुदायन का एक मोहल्ला नगर की बिजली से रोशन होगा। यह नगर पंचायत का मोहल्ला है लेकिन यहां देहात के फीडर से बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि व भाजपा नेता मुरली मनोहर गुप्ता की पहल पर मोहल्ले की बिजली नगर क्षेत्र से जोड़ी गई है। अब लोगों को पर्याप्त बिजली मिलेगी। लोगों ने प्रतिनिधि और चेयरमैन सीमा चौधरी को मिठाई खिलाकर बधाई और धन्यवाद दिया।
वार्ड तीन का मोहल्ला रुदैना नगर पंचायत रुदायन का हिस्सा है लेकिन नगर पंचायत बनने के बाद से लगभग 35 साल से आज तक मोहल्ले में ग्रामीण फीडर से बिजली की सप्लाई दी जा रही थी। शासन से ग्रामीण क्षेत्र के लिए निर्धारित समय के अनुसार बिजली सप्लाई दी जा रही थी। इसके अलावा भी बिजली काट ली जाती थी। जिसकी वजह से लोगों को खासी समस्या थी। लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग की।
यहां तक की चुनाव में भी इस मुद्दे को उठाते हुए शहर से बिजली सप्लाई शुरू कराने को कहा था। सभी ने आश्वासन तो दिया लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। वर्तमान चेयरमैन और भाजपा ने नेता निकाय चुनाव के दौरान लोगों से वादा किया था कि हर हाल में रुदैना को शहर के फीडर से जुड़वाया जाएगा। जिन्होंने अपना वादा पूरा किया। मोहल्ले में नया ट्रासफार्मर लगवाते हुए बिजली की नई लाइनें डाली गई हैं। नगर के फीडर से जोड़ा गया है। लोगों ने मिठाई बांटी।
हाईमास्ट लाईटों की रोशनी से जगमगाया रुदायन
रुदायन पहली बार पहली बार हाईमास्ट लाईटों की रोशनी से जगमगाया। नगर पंचायत बनने के बाद नगर में पहली बार नगर पंचायत की ओर से 17 प्रमुख स्थान चैराहे, तिहारों पर हाईमास्ट लाईटें लगाई गई है। नगर में लगे बिजली के हर पोल पर भी लाइटें लगाकर दीपावली पर नगर को दूधिया रोशनी से नहला दिया है।
दिवाली पर चेयरमैन ने बांटे उपहार
दीपावली पर चेयरमैन ने सभी निकाय परिवार के सभी सदस्यों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना, नगर में लाइटिंग व्यवस्था की जानकारी करते हुए कहा कि दीपावली पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत से नगर का वातावरण स्वच्छ और सुंदर बना हुआ है। भाजपा नेता ने सभी को सुरक्षित और आनंदमय दीपावली मनाने की शुभकामनाएं दीं। राम प्रकाश गुप्ता, सभासद नरेंद्र गुप्ता, रामसिंह, ओमवती, नोवतराम, चौधरी ठाकुरदास आदि उपस्थित रहे।
