बदायूं : बस और ईको कार की भिड़ंत में महिला की मौत, तीन घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहसवान, अमृत विचार। दीपावली का त्यौहार मनाने जा रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। एक बस ने पीछे से ईको कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

हादसा रविवार सुबह लगभग छह बजे बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर गांव पीतम नगर के पास हुआ। एक परिवार के चार लोग ईको कार से दिल्ली से शाहजहांपुर जा रहे थे। गांव के पास एक तेज रफ्तार बस आई और ईको कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के पीछे से परखच्चे उड़ गए। कार में पीछे बैठीं जिला शाहजहांपुर के सदर थाना क्षेत्र निवासी रीता (21) पत्नी आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अवनीश सक्सेना, आकाश सक्सेना और चालक साजिद घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। चारों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने रीता को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस कार को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। हादसे के कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क हादसे में दंपती घायल, दोनों की हालत गंभीर
रविवार को बदायूं–मेरठ राजमार्ग पर किसी वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला शाहजहांपुर के गांव सरैया निवासी धनपाल पुत्र नेक्सो अपनी पत्नी प्रवेश देवी के साथ गुन्नौर से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में चोई पुलिया के पास तेज रफ्तार से आए किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार  दी। दंपती राजमार्ग पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाला चालक मय वाहन भाग गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस पहुंची। सिपाही सोनू व राजेश कुमार ने घायल दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

संबंधित समाचार