Moradabad: दिन में गर्मी, शाम को चली ठंडी हवाओं ने कराया ठंडक का एहसास
मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार का दिन तापमान के उतार-चढ़ाव से भरा रहा। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता कुछ समय के लिए कम हो गई और लोगों को ठंडी हवाओं ने सुकून दिया। लेकिन जैसे-जैसे सूरज ऊपर चढ़ता गया, उसकी किरणों की तीव्रता बढ़ने लगी और दोपहर तक गर्मी का एहसास स्पष्ट होने लगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और हल्की उमस ने दिन के समय लोगों को घरों और दफ्तरों में पंखे और एसी का सहारा लेने पर मजबूर किया।
शहर के कई हिस्सों में दोपहर के समय सड़कों पर हल्की चहल-पहल रही, जबकि पार्क और बाजारों में भीड़ अपेक्षाकृत कम दिखी। हालांकि, शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखा गया। सूरज ढलने के साथ हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिसने पूरे शहर के माहौल को मनमोहक बना दिया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन शाम और सुबह के समय ठंडक की स्थिति बनी रहेगी।
