गोंडा : छठ पूजा को लेकर ट्रेनों में भारी भीड़, शौचाल‌य में बैठकर यात्रा कर रहे यात्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिहार जाने वाली ट्रेने चल रही फुल, स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

गोंडा, अमृत विचार। छठ पूजा का पर्व आगामी 25 अक्टूबर से नहाय-खाय के चार दिवसीय अनुष्ठान के साथ शुरू हो रहा है। इसको लेकर यात्रियों का आवागमन शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिल्ली, लुधियाना, अमृतसर व अन्य शहरों से बिहार जा रहे हैं। छठ पूजा को लेकर ट्रेने फुल हैं और यात्रियों को ट्रेनों में जगह नहीं मिल रही है‌। हालत यह है कि यात्री ट्रेन के टॉयलेट से लेकर गेट तक बैठकर यात्रा कर रहे हैं।

छठ पूजा को लेकर गैर प्रांतों में रहने वाले यात्रियों को आवागमन से बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेने फुल चल रही हैं। गोरखपुर, सीवान, मुजफ्फरपुर, पटना की तरफ जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह भी नहीं है। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से 102 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, इसके बावजूद ट्रेनों में लोगों को जगह नहीं मिल रही है।

बृहस्पतिवार को गोंडा से होकर बिहार की तरफ जाने वाली सभी ट्रेने फुल रहीं। अंबाला से सहरसा जा रही ट्रेन में तमाम यात्री ट्रेन के गेट और शौचालय में बैठकर यात्रा करते दिखाई दिए। यात्रियों की भीड़ से ट्रेन में पैर रखने की जगह भी नहीं थी। ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहे रंगेश कुमार ने कहा कि वह पंजाब के लुधियाना से बिहार जा रहे हैं। ट्रेन फुल है। ट्रेन में जगह नहीं है‌ इसलिए ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है‌।

cats

अमृतसर से गोरखपुर जा रहे सुरेंद्र पांडेय ने कहा कि 12 घंटे हो गया है बैठने की जगह नहीं मिली है‌। ट्रेन के टॉयलेट के पास बैठकर यात्रा कर रही महिला यात्री मंतरा ने कहा कि छठ पूजा के लिए वह  गांव जा रही हैं। जगह नही मिली इसलिए टॉयलेट के पास बैठकर यात्रा करनी पड़ रही है। हालांकि सुरक्षा को लेकर गोंडा रेलवे स्टेशन पर कड़े किए गए हैं।

स्टेशन पर भीड़ न हो इसके लिए यात्रियों को होल्डिंग एरिया में ही रोका जा रहा है। ट्रेन आने पर ही उन्हे प्लेटफॉर्म पर जाने की इजाजत दी जा रही है। जो यात्री ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं उन्हे पुलिसकर्मी भीतर बैठने की हिदायत दे रहे हैं ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित रहे। बाहरी लोगों को स्टेशन के भीतर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। प्लेटफॉर्म पर भी आरपीएफ व जीआरपी के जवान तैनात किए गए हैं। 

गोरखपुर में बने वॉर रूम से हो रही निगरानी

छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से गोरखपुर में वॉर रूम स्थापित किया गया है। इस वॉर रूम से हर स्टेशन से लाइव फीड ली जा रही है और उसे रेलवे बोर्ड को भी भेजा जा रहा है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से पूरे स्टेशन की निगरानी कराई जा रही है।

cats

छठ पूजा पर यात्रियों की भीड को नियंत्रित करने के लिए गोंडा समेत अन्य स्टेशनों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्पेशल ट्रेनों में स्कॉर्ट कराया जा रहा है। जहां भीड़ है उसे चिन्हित किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किया गया है। बाहरी लोगों के लिए प्लेटफार्म टिकट बंद कर दिया गया है और उन्हे स्टेशन के भीतर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्रियों को होल्डिंग एरिया में रोका जा रहा है... महेंद्र प्रसाद दूबे, असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर, रेलवे सुरक्षा बल- गोंडा

संबंधित समाचार