कोई एसडीओ तो कोई जेई के यहां कर रहा चाकरी... अयोध्या के पावर कॉर्पोरेशन में 14 से अधिक संविदा लाइनमैन अपनी मूल तैनाती पर नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

रुदौली और अयोध्या धाम डिवीजन के संविदा लाइनमैनों का मामला

अयोध्या, अमृत विचार : पावर कॉर्पोरेशन में वर्तमान में बिल्कुल उलट गंगा बह रही है। उपभोक्ताओं को शिकायत निस्तारण के लिए जहां एक से दो दिन इंतजार करना पड़ रहा है वहीं रुदौली और अयोध्या धाम डिवीजन के 14 से अधिक संविदा लाइन मैन एसडीओ और अवर अभियन्ता कार्यालय से लेकर अफसरों के आवास तक की चाकरी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ द्वारा पावर काॅर्पोरेशन अध्यक्ष को पत्र भेजे जाने के बाद अब खलबली मची हुई है। संघ द्वारा संविदा कर्मचारियों से मूल कार्य न लेकर उनसे निजी कार्य लेने की शिकायत है। 

लाइनमैन का मूवमेंट रजिस्टर होता है, जिसमें शिकायत को ठीक करने के लिए भेजे गए संविदा लाइनमैन का नाम होता है। उप्र पावर कॉर्पोरेशन निविदा, संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय की शिकायत अध्यक्ष उप्र पावर कॉर्पोरेशन को दी गई है। उन्होंने सभी डिवीजन के संविदा कर्मचारियों के नाम के साथ शिकायत की है जिनसे मूल कार्य न लेकर इंजीनियरों पर निजी कार्य कराने का आरोप है। कहा गया है कि कुल 14 संविदा लाइनमैन जो विभिन्न डिवीजन में तैनात हैं उनको एसडीओ से लेकर अवर अभियंता ने निजी कार्य और दफ्तरों में तैनात कर रखा है। 

जिसमें रुदौली डिवीजन के संविदा कर्मी राम सिंह, आकाश कुमार, संदीप कुमार यादव, गोपाल जी कसौधन, विपिन कुमार रस्तोगी, राम लखन, अजय प्रताप सिंह, भानू, विवेक,संदीप यादव, विष्णुकांत पांडेय, जिशान, जयप्रकाश व संजयकुमार शामिल हैं। अयोध्या धाम के अन्य डिवीजन में भी संजीत यादव, पितांबर सिंह, वीरभद्र सिंह, मनीष गौंड, सुनील कुमार वर्मा, अविनाश कुमार, सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार, गिरीशचंद्र गुप्त, फूलचंद्र यादव, रितुराज प्रजापति, कृष्णकुमार व प्रदीप कुमार वर्मा मूल तैनाती पर नहीं हैं। 
आरोप है कि इसे लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब पावर कॉर्पोरेशन अध्यक्ष के निर्देश के बाद मुख्य अभियंता वितरण अयोध्या जोन बृजेश कुमार जांच कर रहे हैं। गुरुवार को 14 में से आठ संविदा लाइन मैन मुख्य अभियंता वितरण कार्यालय पहुंचे और शिकायत को लेकर अपना बयान दर्ज कराया। बताया जाता है कि देर सवेर इसे लेकर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है।

शिकायत के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। गुरुवार को कुछ संविदा लाइन मैन से वार्ता की गई है। यदि शिकायत सत्य पाई जाती है तो संबधित कर्मी को मूल तैनाती पर भेजा जाएगा।

बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता वितरण, अयोध्या मंडल

संबंधित समाचार