प्रयागराज में रिश्वतखोर दरोगा निलंबित, अवैध खनन के लिए मांगे थे रुपए
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अवैध खनन के लिए रुपए मांगने का ऑडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसको लेकर हल्का प्रभारी वीरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर एक जेसीबी चालक और दरोगा के बीच बातचीत सुनाई पड़ रही है।
इसमें दरोगा 6 हजार रुपये रोजाना देने की मांग करता हुआ सुना जा सकता है। इस ऑडियो में एक व्यक्ति थानेदार और अंबुज नाम के दरोगा का जिक्र करते हुए खनन के एवज में छह हजार रुपये प्रतिदिन देने के लिए कह रहा है, जब सामने वाला व्यक्ति इतनी रकम देने से मना करता हैं, तो वह बताता है कि उसने खुद प्रभारी से कहा था कि यह बहुत ज्यादा है और ज्यादा से ज्यादा तीन हजार रुपये ही कोई दे पाएगा।
पुलिस उपायुक्त ने इस ऑडियो का संज्ञान लिया और जांच का आदेश दिया। प्रारंभिक जांच के बाद डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने हल्का प्रभारी वीरेंद्र सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया। डीसीपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया जो तथ्य सामने आए हैं, उसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर यह ऑडियो वायरल करने वाला व्यक्ति कौन है ताकि उससे और पूछताछ की जा सके।
