यूपी अंडर-19 की टीम घोषित, आगरा की सानवी भाटिया बनीं कप्तान, टी-20 में एमपी के भिडे़ंगी यूपी की बेटियां
अमृत विचार: उत्तर प्रदेश (UP) अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम बन गई है। आगरा की सानवी भाटिया को कप्तान बनाया गया है। आगामी 26 अक्टूबर से भिलाई में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंडर-19 महिला टी-20 ट्रॉफी शुरू हो रही है। सानवी की कप्तानी में यूपी का पहला मैच मध्यप्रदेश के साथ होगा। यूपी की 22 सदस्यीय टीम की घोषणा से चयनित खिलाड़ियों के परिवारों से लेकर शहर-गांवों तक जश्न छा गया।
विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज हैं सानवी
आगरा के शास्त्रीपुरम की शांति रेजीडेंसी में सानवी भाटिया का घर है। उनके पिता गौरव भाटिया ठेकेदार हैं। मेडिसन का भी कारोबार है। सानवी की मां रतिका भाटिया टीचर हैं, जो अछनेरा के गोपामऊ स्कूल में तैनात हैं। बेटी को कप्तान बनाए जाने पर परिवार में जश्न छा गया। माता-पिता चाहते हैं कि बेटी उनके शहर का नाम रोशन करे।
यूपी अंडर-19 की टीम
यूपी अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की 22 सदस्यीय टीम इस प्रकार है:-सानवी भाटिया कप्तान हैं। सहारनपुर की मनीषा चौधरी उप-कप्तान बनाई गई हैं। वंशिका, कल्पना, भारती सिंह और सुप्रिया अरेला टीम का हिस्सा हैं।
लखनऊ से इन्हें मिली जगह
यूपी अंडर-19 में सबसे ज्यादा खिलाड़ी लखनऊ से चयनित हुए हैं। तान्या सिंह, प्रियांशी यादव, चांदनी शर्मा, शशि बालन, अरिशा मुस्तफा और सना खान। कानपुर से सिद्धी मिश्रा, विदुषी मिश्रा और निशा वर्मा जबकि मेरठ से जान्वी बालियान, रिया भाटी, पलक सिंह शामिल हैं। इसके अलावा गाजियाबाद से श्रान्या टंडन, खुशी त्यागी, हापुड़ से तनिष्का राठौर और मुरादाबाद से शुभ चौधरी को टीम में जगह मिली है। शैफाली साहू और चित्रा सिंह राघव कोच की भूमिका निभाएंगी। जबकि सपोर्टिंग स्टाफ में डा. शिवानी लाल, शिवप्रिया पांडेय और सायमा अली को चुना गया है।
