बांदा : हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मटौन्ध थाना क्षेत्र में दीवाली नृत्य कला/प्रदर्शन के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर की सरेआम दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने उसके पिता व एक सहयोगी सहित गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि त्रिवेनी गांव में वर्चस्व की पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर मुन्ना यादव की विगत 22 अक्टूबर को सरेआम दिनदहाड़े गोली मार कर उस समय हत्या कर दी गई थी, जब गांव में आयोजित दिवाली नृत्य कला प्रदर्शन की धूम मची थी। घटना के तत्काल बाद पुलिस के सभी अधिकारियों ने घटना का निरीक्षण का किया। पुलिस ने घटना का मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये टीमों का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि त्रिवेणी मार्ग बाईपास के निकट हत्यारोपियों के मौजूद होने की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच पुलिस ने बीती देर रात्रि मुख्य हत्यारोपी पिल्लू उर्फ मनीष को उसके पिता प्रदीप चतुर्वेदी और एक अन्य सहयोगी गंगा को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस व 400 रुपए नगद बरामद किए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार तीनों हत्यारोपियों को आज जेल भेज दिया।
