कानपुर : कांग्रेस ने स्टेनो नेहा संखवार के लिए कैंडिल जलाई, लगाई इंसाफ की गुहार
कानपुर, अमृत विचार। कचेहरी स्थित कोर्ट परिसर में बहुमंजिली इमारत से कूद करके आत्महत्या करने वाली स्टेनो नेहा संखवार के लिए कानपुर महानगर कांग्रेस ने कैंडिल जलाकर प्रार्थना की और बेटी को इंसाफ देने की गुहार लगाई।
शुक्रवार को कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस जन कोतवाली चौराहे के पास एकत्रित हुए और हाथों में दिवंगत नेहा के पोस्टर और केंडिल लेकर नेहा शंखवार को न्याय दो, कानपुर की बेटी नेहा को न्याय दो के जोरदार नारे लगे।
अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि नेहा के पिता गोविंद और मां मनोज के मुताबिक कोर्ट के पेशकार और चपरासी नेहा को लगातार तंग कर रहे थे लेकिन पुलिस ने नेहा के पिता की तहरीर को नजरअंदाज करते हुए पेशकार की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की।
पीड़ित पिता गोविंद ने बताया कि बेटी को दो तीन महीने से लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। लगातार कमेंटबाजी, चीजें छुपाना, व्यक्तिगत जानकारी मांगना जैसी हरकत से नेहा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार शिकायत की गई। पिता ने कोर्ट के पेशकार और चपरासी पर हैरेसमेंट का आरोप लगाया है।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि बेटी नेहा को न्याय मिले। नेहा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों पर सख्त कार्यवाही की जाए और गहनता से घटना की जांच हो। कांग्रेस का कहना है कि सरकार पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद भी करे।
मदन मोहन शुक्ला, निजामुद्दीन खां, रितेश यादव, शंकर दत्त मिश्रा, पदम मोहन मिश्रा, आनंद शुक्ला, राकेश साहू, धर्मेंद्र चौहान, बैतूल खां मेवाती, जावेद उस्मानी,हाजी कौसर, दीप पांडे, मुकेश कन्नौजिया, विनय पांडे,चंद्र मणि मिश्रा, उमा शंकर तिवारी, तुफैल जामी, मो. अकील,विनोद अवस्थी, डॉक्टर महादेव, राम प्रकाश शर्मा, विजय शाह, राजेश सविता, शिवदत्त मिश्र शांतनु दीक्षित अमित मिश्रा राम प्रकाश तिवारी आदि थे।
