बाराबंकी : किसानों को वितरित किया गया निशुल्क प्याज-लहसुन के बीज
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश सरकार किसानों को परंपरागत खेती से हटाकर सब्जियों और मसाला फसलों की ओर आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को विजय उद्यान पार्क में किसानों को एमआईडीएच योजना के तहत प्याज और लहसुन के गुणवत्तापूर्ण बीज निशुल्क वितरित किए गए।
जिला उद्यान अधिकारी प्रज्ञा उपाध्याय ने बताया कि मसाला फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार किसानों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। किसानों को प्याज और लहसुन की बुवाई के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
डीएचओ ने बताया कि जिले में लहसुन की खेती का 20 हेक्टेयर तथा प्याज की खेती का 15 हेक्टेयर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फसल की लागत का 50 प्रतिशत अनुदान सरकार की ओर से दिया जाता है, जिसे उद्यान विभाग द्वारा रोपण सामग्री के रूप में उपलब्ध कराया जाता है।
अब तक विभागीय पोर्टल पर 110 किसानों का पंजीकरण प्राप्त हुआ है। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किसानों को बीज वितरित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकें। इस दौरान मिशन इंचार्ज अनिल शुक्ला, ब्लॉक इंचार्ज सौरभ कुमार सिंह, राज कुमार गुप्ता व उत्तम कुमार आदि मौजूद रहे।
