बाराबंकी : छात्राओं ने सीखा जीवन मूल्यों का महत्व, ताराश्री फाउंडेशन ने आयोजित की कार्यशाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। ताराश्री फाउंडेशन द्वारा उदयन शालिनी फेलोशिप प्रोग्राम के अंतर्गत शनिवार को तृतीय बैच की प्रथम कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका विषय था जीवन में मूल्यों का महत्व। कार्यशाला दो चरणों में हुई। पहला सत्र ऑनलाइन संस्थापक विभा द्वारा और दूसरा सत्र फाउंडेशन कार्यालय में डॉ. स्नेह लता द्वारा संचालित किया गया।

विभा ने छात्राओं को बताया कि जीवन में मूल्यों को अपनाने से लक्ष्य प्राप्ति सरल हो जाती है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि ईमानदारी, अनुशासन, जिम्मेदारी, करुणा और समयबद्धता जैसे मूल्य सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने उदयन केयर और ताराश्री फाउंडेशन के उद्देश्यों एवं मूल्यों पर भी प्रकाश डाला।

दूसरे चरण में डॉ. स्नेह लता ने छात्राओं को गतिविधियों के माध्यम से अपने भीतर के मूल्यों को पहचानने की प्रेरणा दी। छात्राओं ने साझा किया कि यह पहली बार था जब उन्होंने अपने जीवन मूल्यों पर गंभीरता से विचार किया। कार्यशाला के बाद मेंटर-मेंटी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छह मेंटर रीतू, रुमा, ममता, डॉ. स्नेह लता, साक्षी और समन्वयक कुसुम ने छात्राओं को मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में सह-संस्थापक राजीव गुप्ता, बिनीता तथा 30 छात्राएं उपस्थित रहीं। उल्लेखनीय है कि ताराश्री फाउंडेशन द्वारा बाराबंकी में पिछले तीन वर्षों से उदयन शालिनी फेलोशिप प्रोग्राम पाँच सरकारी विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक 90 छात्राओं का चयन किया जा चुका है।

संबंधित समाचार