कानपुर : 1 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों की समीक्षा में कई अधिकारी फेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपस्थित दो वरिष्ठ अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश

कानपुर, अमृत विचार। एक करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे जिलाधिकारी ने कई अधिकारियों के कार्यों से असंतुष्टि जताई और दो अधिकारियों के बैठक से अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मंडलीय संयुक्त माध्यमिक शिक्षा निदेशक, कानपुर के भवन निर्माण कार्य जिसे यूपी सिडको द्वारा कराया जा रहा है उसमें जिला टास्क फोर्स के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में कमी पाई गई।

शनिवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में बैठक हुई जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अनुपस्थित भूमि संरक्षण अधिकारी एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण खण्ड के अधिकारी पर नाराज होते हुए डीएम ने दोनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि समय सीमा पर योजनाएं पूरी नहीं होने से जिले की रैंकिंग पर असर पड़ रहा है। जो अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराएं ताकि उनपर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि 1 नवंबर से 10 नवंबर के बीच ऐसी परियोजनाओं के विरुद्ध कार्यवाही का प्रस्ताव भी तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।

जिन परियोजनाओं में टास्क फोर्स की रिपोर्ट में गुणवत्ता में कमी अथवा मौके पर कार्य न होने की शिकायत प्राप्त हुई है,संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्यवाही का प्रस्ताव तैयार किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ईशा शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार