खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत में आड़े नहीं आएगी बजट की कमी, नगर निगम 25 करोड़ से शहर की खराब सड़कों का करेगा सुधार
पैचवर्क का बजट 10 से बढ़कर 25 करोड़ हुआ, अब शहर की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
लखनऊ, अमृत विचार: बारिश से खस्ताहाल शहर की सड़कों की मरम्मत में बजट की कमी आड़े नहीं आएगी। नगर निगम शहर की सभी सड़कें गड्ढामुक्त करेगा। शुक्रवार को आयोजित नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में पैचवर्क का बजट 10 करोड़ से बढ़ाकर 25 करोड़ रुपये मंजूर कर दिया गया है। अभी तक पैचवर्क का बजट मात्र 10 करोड़ रुपये था। यह बजट काफी कम होने से नगर निगम आधी से अधिक सड़कें सही नहीं कर पा रहा था। पैचवर्क के बजट में 15 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी से अब नगर निगम क्षेत्र की सभी सड़कें सही कराई जा सकेंगी।
नगर निगम के अभियंत्रण जोनों के सर्वे में लगभग 398 किलोमीटर सड़कें खराब पाई गयी हैं। इस बार मानसून में बारिश ज्यादा होने के कारण सड़कें भी अधिक खराब हुई हैं। इन खस्ताहाल सड़कों को गड्ढामुक्त कराने और सही कराने के लिए 10 करोड़ रुपये बजट नाकाफी साबित हो रहा था। पार्षद लगातार पैचवर्क का बजट बढ़ाने की महापौर से मांग कर रहे थे।
नगर निगम को दीवाली से पहले शहर की खस्ताहाल सड़कें सही करनी थीं, लेकिन बजट खत्म होने से आधी सड़कें भी सही नहीं हो पाई हैं। पैचवर्क का बजट बढ़ने से अब नगर निगम का अभियंत्रण विभाग तेजी से सड़कों की मरम्मत शुरू करेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने बताया कि जल्द ही प्राथमिकता के आधार पर सड़कें बनाने के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
