Aliganj fire incident: दहशत में 11 परिवार, पार्क और रिश्तेदारों के घर काटी रात, गोदाम और हॉस्टल मालिक पर होगी कार्रवाई, नोटिस जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: अलीगंज के उस्मानपुर में फोटो फ्रेम गोदाम में शुक्रवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद से घटनास्थल के आसपास रहने वाले करीब एक दर्जन परिवार को रात कॉलोनी के पार्क और रिश्तेदारों के घर में रात काटनी पड़ी। देर रात करीब एक बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। मोहल्लेवालों ने एक दर्जन परिवार के करीब 60 लोगों के खाने और सोने का इंतजाम कराया। शनिवार को भी लोग अपने घर नहीं जा सके। क्षतिग्रस्त गोदाम के आसपास जाने से फिलहाल लोगों को रोका गया है। निगरानी के लिए पुलिस और पीएसी भी तैनात है।

गोदाम के आस पास रहने वाली निकिता, अनिल, धीरज, रुकमणि और रवि के हॉस्टल में रहने वाली लड़कियां दहशत में हैं। लोगों ने बताय कि घटना के बाद से वह अपने घर नहीं जा सके। आग की चपेट में आने से उनके घर की दीवारें दरक गयी हैं। बिजली का केबल जल गया है। मजबूरी में परिवार संग पार्क में रात बितानी पड़ी। वहीं, आग की चपेट में आने से फोटो फ्रेम का गोदाम भी पूरी तरह से जर्जर हो गया। गोदाम की सीढ़ियां, छज्जे किसी भी समय टूटकर गिर सकते हैं। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि जर्जर बिल्डिंग को प्रशासन की निगरानी में गिराया जाए।

वहीं, अस्पताल में भर्ती पांचों दमकल कर्मियों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सीएफओ अंकुश मित्तल ने बताया कि गोदाम मालिक अमरजीत सिंह और हॉस्टल संचालक रवि को नोटिस जारी की गयी है। एक जांच कमेटी गठित की गई है कि कहां-कहां पर लापरवाही बरती? इसके साथ ही शहर में अन्य गोदामों की जानकारी जुटाने के लिए सभी एफएसओ को कहा गया है, सभी को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार