बाराबंकी में पेट्रोल पंप निर्माण को लेकर मामला गर्माया: आक्रोशित ने खुद पर डाला पेट्रोल, मची अफरा-तफरी
बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के धरौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पेट्रोल पंप निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। आक्रोशित भूमि स्वामी ने विरोध करते हुए खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया।
जानकारी के मुताबिक अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग के किनारे बीपीसीएल कंपनी द्वारा पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कंपनी के ठेकेदार जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और निर्माण कार्य शुरू कराया। इसी दौरान भूमि स्वामी रामप्रकाश तिवारी ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यह भूमि उनकी निजी संपत्ति है, जिसे जबरन अधिग्रहित कर निर्माण कराया जा रहा है।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और माहौल तनावपूर्ण बन गया। इसी बीच आक्रोश में आए भूमि स्वामी ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। उपस्थित लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में एसडीएम अनुराग सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया।
भूमि स्वामी के पुत्र रजनेश तिवारी ने बताया कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद इसके कंपनी जबरन निर्माण करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन कंपनी के दबाव में काम कर रहा है। वहीं एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार बीपीसीएल कंपनी को सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। भूमि स्वामी द्वारा आत्मदाह का प्रयास करने की सूचना पर तत्काल टीम भेजी गई थी। फिलहाल स्थिति शांत है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़े :
पहले कार में किया लॉक...फिर युवक ने खुद को मारी गोली, लखनऊ के हजरतगंज इलाके की घटना, जांच जारी
