Bareilly: जल्द लगेगा आवारा कुत्ता और बंदरों के आतंक पर अंकुश
बरेली, अमृत विचार। शहर की सड़कों और गली मोहल्लों में जल्द आवारा कुत्ता-बंदरों का आतंक काफी हद तक कम हो जाएगा। नगर निगम की ओर से एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर संचालन के लिए टेंडर निकाले गए हैं। इसमें चार फर्मों ने दिलचस्पी दिखाते हुए प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए हैं।
निगम अधिकारियों की ओर से इन प्रस्तावों की गहन जांच के बाद पारदर्शिता के साथ फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। फर्म के चयन के बाद जल्द से एबीसी का संचालन शुरू हो सकेगा। इससे शहर में कुत्ता और बंदरों के आतंक पर अंकुश लगेगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि एबीसी सेंटर संचालन को लेकर टेंडर प्रक्रिया जारी है। जल्द से जल्द संचालन करने का प्रयास है। इससे पशुओं के सुरक्षित नसबंदी और पुनर्वास की व्यवस्था भी हो सकेगी। वहीं, आम जन को भी काफी राहत मिलेगी।
