UP : लड़कियां चांद पर पहुंच रहीं, कुछ लोग मुस्लिम महिलाओं को समझ रहे गुलाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद मदरसा प्रकरण के बाद आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी की अध्यक्ष निदा खान ने बयान जारी कर प्रकरण की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आज लड़कियां चांद पर पहुंच रही हैं, लेकिन ऐसी मानसिकता के लोग सिर्फ मुस्लिम महिलाओं को गुलाम समझते हैं। वहीं दरगाह आला हजरत के संगठन जमात रजा ए मुस्तफा की तरफ से भी इस तरह की हरकत का विरोध किया गया है।

मुरादाबाद के मदरसे में 13 वर्षीय छात्रा से कौमार्य प्रमाणपत्र मांगे जाने की शहर में भी निंदा हो रही है। निदा खान ने कहा कि जहां लड़कियां चांद पर पहुंच रही हैं, वहीं, ऐसे लोग मुस्लिम महिलाओं को सिर्फ एक गुलाम से ज्यादा कुछ नहीं समझते हैं। ऐसे मौलाना लोग अपना मेंटल स्टेटस दिखाकर बताते हैं कि वह महिलाओं को किस नजरिये से देखते हैं। ऐसे लोग समाज के लिए खतरनाक हो सकते हैं। 

यही लोग हमारे समाज के दुश्मन बनते हैं। इनकी वजह से हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं। वहीं दरगाह आला हजरत के संगठन जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने कहा कि मदरसे सिर्फ धार्मिक शिक्षा के केंद्र नहीं बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों को संवारने के संस्थान हैं। इन हरकतों से न तो शिक्षा का स्तर सुधरेगा और न ही नारी सशक्तिकरण को बल मिलेगा।

 

संबंधित समाचार