बहराइच में बाघ के हमले में युवक की मौत, खेत में काम करने के दौरान किया हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में रविवार की देर शाम को बाघ के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीत (20) निवासी गांव मुखिया फार्म, रमपुरवा (निशान गड़ा रेंज) के रूप में हुई है। 

सूत्रों के अनुसार, संजीत रविवार की शाम हल्दी के खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने के बावजूद बाघ कुछ ही मिनटों में युवक को मार कर जंगल की ओर भाग लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुजौली प्रकाश चंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पिछले कई दिनों से बाघ की गतिविधियों देखी जा रही थीं, जिसकी सूचना बार-बार वन विभाग को दी गई थी। लेकिन किसी भी वनकर्मी ने मौके पर पहुंचने की जरूरत नहीं समझी। 

लोगों का कहना है कि अगर विभाग समय पर कार्रवाई करता, तो इस हादसे से बचा जा सकता था। घटना के बाद से ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है और उन्होंने वन विभाग की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार