Amroha: तिगरी गंगा मेले में उमड़ने लगे श्रद्धालु, करेंगे कल्पवास
गजरौला, अमृत विचार। तिगरी गंगा मेले में श्रद्धलुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। सोमवार सुबह भी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर तिगरी की ओर जाते दिखाई दिए। ट्रैक्टर-ट्रालियों की लाइन टूट नहीं रही थी। सुबह में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर डेरों में खिचड़ी का स्वाद लिया।
अब तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। बीते दो दिन से गजरौला-तिगरी मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की लाइन टूट नहीं रही है। सोमवार सुबह भी तिगरी की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। भीड़ ज्यादा होने की वजह से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। गजरौला में फाजलपुर और कुमराला पुलिस चौकी के पास जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद जाम खुलवाते हुए यातायात सुचारू कराया।
वहीं, दूसरी ओर मेला स्थल पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने तड़के से ही गंगा स्नान शुरू कर दिया। हर-हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने स्नान कर सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार एवं समाज में सुख-शांति संग समृद्धि की प्रार्थना की गई। जरुरतमंदों को दान कर पुण्य लाभ कमाया गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने डेरों में बैठकर खिचड़ी का स्वाद लिया। परंपरा है कि मेले में सुबह के समय सभी डेरों में खिचड़ी बनती है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर मेला स्थल पर पुलिस चौकियां बनाई गई हैं।
रोड किनारे घाट तो सदर गेट के समीप झूले सर्कस
हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा रोड से सटे सेक्टरों पर ही स्नान घाट बनाए गए हैं। सेक्टर एक व दो के सामने स्नान घाट बने हैं। इसी तरह कुछ आगे और फिर अंत में सेक्टर 11 के सामने स्नान घाट हैं। सदर गेट के सामने मीना बाजार, झूले-सर्कस, चाट-पकौड़ी की दुकानें लग रही है। इसी क्षेत्र के चारों तरफ अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों के शिविर इत्यादि हैं। सदरगेट पर स्काउट गाइड का शिविर लगता है। जहां खोए-पाए के संदर्भ में रात दिन सूचना केंद्र चालू रहता हैं।
तिगरी गंगा मेले में पहुंचने के दो हैं प्रमुख रास्ते
तिगरी गंगा मेला पहुंचने के दो ही प्रमुख रास्ते हैं। पहला गजरौला से तिगरी होकर जाने वाला मुख्य मार्ग हैं। नेशनल हाईवे से गजरौला चौपला, भानपुर रेलवे फाटक के माध्यम से कुमराला पुलिस चौकी होते हुए सीधे तिगरी पहुंच जाएंगे। यदि आपके पास जाने का साधन ट्रैक्टर टाली जैसा साधन है तो शिव मंदिर मूर्ति से कुछ पहले पड़ने वाले पुलिस बेरियर के समीप बाईं तरफ ट्रैक्टर रोड मिलेगी। यह रोड सीधे सेक्टर 11 में प्रवेश कराएगी, जहां श्रद्धालु के ठहरने को डेरे डालने की पर्याप्त जगह व स्नान के लिए घाट है। कार व बाइक साधन होने पर शिव मर्ति चौक से बाई तरफ कटने वाली सड़क गांव में होकर मेला स्थल पर पहुंचाएगी। वीआइपी श्रेणी वाले अथवा पुलिस व प्रशासनिक अमले के लिए इसी मृर्ति वाले स्थान से सीधा रास्ता है, जो सेक्टर संख्या एक व दो होते हुए गंगा रोड के माध्यम से मेला स्थल पहुंचाएगा। जहां शुरूआत में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के शिविर, कुछ स्वयं सेवियों के शिविर लगे हैं। गंगाद्वार के बीच से सीधे मेला कोतवाली, अस्पताल व स्काउट शिविर, जिला पंचायत, टेंट, हैंडपंप, बिजली इत्यादि सुविधाओं वाले ठेकेदारों के शिविर तक पहुंचा जा सकता है।
एसपी ने तिगरी गंगा मेले का निरीक्षण कर दिए निर्देश
गजरौला, अमृत विचार: एसपी अमित कुमार आनंद ने सोमवार को तिगरी गंगा मेले में पुलिस ड्यूटी प्वाइंटों, यातायात बैरियरों एवं गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी बैरियरों पर सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न होने पाएं। गंगा घाट पर स्नान हेतु आये श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मी सतर्कता के साथ कार्य करें। ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हों तथा मेले को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए निर्देश दिए।
तिगरी गंगा मेले में बनकर तैयार हुआ अस्थाई अस्पताल
गजरौला, अमृत विचार: तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अस्थाई अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। इस बार गंगा मेले में 42 चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 18 फार्मासिस्ट के अलावा अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। मेले का शुभारंभ एक नवंबर को होगा। पांच नवंबर को मुख्य स्नान है, जिसके चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चिकित्सक तिगरी गंगा मेले में पहुंच गए हैं। मेले में दस बैड का अस्थाई अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। चिकित्साधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि आठ जनरल बैड है। जबकि दो इमरजेंसी बैड है। बताया कि 42 चिकित्सकों के अलावा 18 फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय, स्वीपर, स्टाफ नर्स की ड्यूटी लगाई गई है। 10 एंबुलेंस भी लगाई है। जिसमें छह एंबुलेंस मेलास्थल पर है। एक एंबुलेंस को कांकाठेर मार्ग पर खड़ा किया जाएगा और एक एंबुलेंस कुमराला चौकी पर खड़ी रहेगी। निजी एंबुलेंस चालकों से भी बात की जा रही है। जरुरत पड़ने पर उनकी भी मदद ली जाएगी।
