बाराबंकी : कार में गैस रिफिलिंग करते समय लगी आग, महिला झुलसी, दो कारें जलकर राख
निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। कुर्सी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की सुबह घरेलू गैस सिलेंडर से कार में गैस रिफिलिंग करते समय अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से पास में बैठी महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि दोनों कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार महमूदपुर बनौगा गांव निवासी मंजू (40) पत्नी दिनेश कुमार अपने घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठी थीं। उसी समय अनवारी गांव निवासी पप्पू तथा महमूदपुर के राम सिंह दो मारुति वैन में घरेलू सिलेंडर से रिफिलिंग कर रहे थे। रिफिलिंग के दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से मंजू गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, ड्राइवर पप्पू भी झुलस गया, जिसका इलाज लखनऊ में हो रहा। आग लगने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन गैस की तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, तब तक दोनों कारें जल कर खाक हो चुकी थीं।
पिता ने डाटा तो पेट्रोल छिड़क लगा ली आग
निन्दूरा। पिता की फटकार के बाद शराब के नशे में धुत बेटे ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। लपटों से घिरे युवक की चीखें सुनकर परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई। युवक का इलाज सीएचसी में चल रहा है। जानकारी के अनुसार बड्डूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा निवासी आरिकल (24) पुत्र फूलचंद्र वर्मा का रविवार देर रात को पिता से विवाद हो गया।
आरिकल शराब के नशे में घर पहुंचा जिस पर पिता ने फटकार लगाते हुए दोबारा शराब पीकर न आने की चेतावनी दी। इसी से नाराज होकर युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरते ही युवक शोर मचाने लगा, दौड़कर पहुंचे परिजनों ने आग बुझाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में तैनात चिकित्सक ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत नियंत्रण में है।
