UP: डेलापीर तालाब और कोहाड़ापीर के 37 अवैध कब्जेदारों को अंतरिम नोटिस जारी
बरेली, अमृत विचार। शहर में एक महीने हुए बवाल के बाद से नगर निगम सरकारी भूमि पर बने अवैध कब्जों को मुक्त कराने को लेकर प्रयासरत है। निगम ने 37 अवैध कब्जेदारों को पहले आवास खाली करने को नोटिस जारी किया है। अब इन कब्जेदारों को अंतरिम नोटिस जारी कर तय समय सीमा में आवासों को खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। इसके बाद नगर निगम आगे की कार्रवाई करेगा।
निगम अधिकारियों के अनुसार कोहाड़ापीर इलाके में सरकारी स्कूल की जमीन पर कई साल से 25 आवास बनाकर लोग निवास कर रहे हैं। इसके साथ ही डेलापीर तालाब की भूमि पर भी 12 अवैध आवास लंबे समय से बने हुए हैं। 15 दिन पहले नगर निगम की टीम ने भवन स्वामियों को आवास खाली करने की हिदायत के साथ ही आवासों पर नोटिस चस्पा कर दिए थे।
शासन तक गुहार, लेकिन खाली हाथ
नोटिस चस्पा होने के बाद इन आवासों में रहने वाले लोग परेशान हैं। कई बार निगम अधिकारियों से कार्रवाई न करने की गुहार लगाने से बात नहीं बनी तो कई लोगों ने शासन तक का दरवाजा खटखटाया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर तीन से चार परिवारों ने आवासों को खाली भी कर दिया है। अन्य भी आवास खाली करने की तैयारी में लग गए हैं।
एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि डेलापीर और कोहाड़ापीर इलाके में पूर्व में चिह्नित अतिक्रमण को लेकर अंतरिम नोटिस की प्रक्रिया अमल में लाई गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
