पीलीभीत: जंगली हाथियों के हमले में ग्रामीण घायल, वन विभाग की लेटलतीफी पर आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत/ललौरीखेड़ा, अमृत विचार: गन्ने के खेत में मौजूद हाथियों ने एक ग्रामीण को घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में घायल ग्रामीण को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस तो मौके पर पहुंच गई, मगर कोई वन अफसर मौके पर नहीं पहुंचा। महज चंद वनकर्मियों को देखकर ग्रामीण खासे आक्रोशित हो उठे। घटना के काफी देर बाद सामाजिक वानिकी प्रभाग के वन अफसर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हाथियों की खोजबीन को लेकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव उझैनिया रम्पुरा के समीप बीती रात दो जंगली हाथी देखे गए थे। इधर सोमवार को भी हाथी इसी क्षेत्र में देखे जा रहे थे। बताते हैं कि इस दौरान हाथियों ने गन्ने की फसल को उजाड़ना शुरू कर दिया। जानकारी लगने पर तमाम ग्रामीण अपने खेतों की रखवाली करने पहुंच गए। बताते हैं कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव उझैनिया रम्पुरा निवासी ओमप्रकाश पुत्र श्यामलाल (32) भी सोमवार दोपहर बाद गांव से करीब एक किमी दूर अपने गन्ने के खेत में गया हुआ था। इस बीच गन्ने के खेत में घुसे ओमप्रकाश का जंगली हाथियों से सामना हो गया। ग्रामीणों ने मुताबिक एक हाथी ने ओमप्रकाश पर हमला कर दिया। हमला होते ही ओमप्रकाश ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। तब कहीं जाकर दोनों हाथी भागे। हाथी के हमले में घायल ओमप्रकाश को आनन फानन में एक निजी वाहन से नवाबगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। बताते हैं कि भगदड़ में कनाकोर निवासी अखिलेश कुमार भी मामूली रुप से घायल हो गया।  इधर हाथी द्वारा किए गए हमले की जानकारी लगते ही ग्रामीणों की खासी भीड़ खेतों की ओर दौड़ पड़ी। आसपास गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और कुछ वनकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर बाद महज चंद वनकर्मियों को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों का कहना था कि रात से जंगली हाथी गांव के आसपास देखे जा रहे थे, मगर कोई भी वनकर्मी झांकने तक नहीं आया। इधर घटना के काफी देर बाद पीलीभीत रेंज के डिप्टी रेंजर दिग्विजय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने घटना के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली।

डिप्टी रेंजर ने भगदड़ का दे दिया हवाला
डिप्टी रेंजर का कहना है कि ग्रामीण हाथी के हमले में नहीं, बल्कि हाथी के काफी नजदीक जाने के बाद हाथियों के हुंकार से मची भगदड़ के दौरान घायल हो गया है। हाथियों की खोजबीन को सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि दोनों जंगली हाथी बीते रविवार सुबह माला रेंज के समीप अजीतपुर पटपरा और बरखेड़ा क्षेत्र के ज्योरहा कल्यानपुर गांव के नजदीक देखे गए थे।

जंगली हाथियों द्वारा एक ग्रामीण के घायल होने की सूचना मिली थी। ग्रामीण हाथी की सूड़ से घायल हुआ है। घायल ग्रामीण को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जंगली हाथियों को जंगल की ओर भेजने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। - भरत कुमार डीके, डीएफओ, सामाजिक वानिकी प्रभाग।

संबंधित समाचार