Pilibhit :छुट्टा गोवंश अचानक हुए बीमार...लंपी वायरस का मचा शोर तो सीवीओ का इनकार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार।  शहर की सड़कों पर विचरण कर रहे छुट्टा पशुओं में बीमारी फैल रही है। दूधिया मंदिर रोड पर एक -एक कर कई पशु बीमार हुए तो लंपी वायरस का शोर मच गया। एक बेसुध हालत में पड़े गोवंश को नौगवां पकड़िया की गोशाला भिजवाया गया है। हालांकि पशुपालन विभाग के जिम्मेदार लंपी वायरस की बात से साफ इन्कार कर रहे हैं।

बता दें कि शहर की सड़कों पर छुट्टा पशुओं की भरमार है। दिन-रात पशुओं के झुंड विचरण करते दिखाई दे जाएंगे। दूधिया मंदर रोड पर स्थानीय लोगों की मानें तो छुट्टा गोवंश अचानक बीमार से हो रहे हैं। उनकी मानें तो एक बीमार पशु से अन्य पशुओं में भी बीमारी फैल रही है। जिससे अन्य पशुओं को लेकर भी खतरा बना हुआ है। दूधिया मंदिर रोडपर रहने वाले व्यापारी नेता /समाजसेवी अनूप अग्रवाल ने कुछ पशुओं को बीमार हालत में देख जिम्मेदारों को सूचित किया। 

इसके अलावा एक पशु बेसुध सा पड़ा था। उसे भी कुछ गोसेवकों की मदद से नौगवां पकड़िया की गोशाला भिजवाया गया है। उसके बीमार होने के पीछे पॉलिथीन को वजह माना जा रहा है। लंपी वायरस के शोर के बीच बीमार पशु के इंजेक्शन भी लगवाए गए, जोकि बताते हैं कि अभी सात दिन तक लगवाए जाएंगे। फिलहाल पशुपालकों में भी इसे लेकर खलबली मची रही। वहीं, पशु पालन विभाग लंपी वायरस होने से साफ इन्कार कर रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.पीके त्यागी का कहना है कि  मामला संज्ञान में आया है। यह लंपी वायरस का केस नहीं है। इससे एक से दूसरे जानवर में संक्रमण नहीं फैलता है।इसके उपचार की उचित व्यवस्था मुहैया है।

संबंधित समाचार