बाराबंकी : बहाने से घर बुलाकर नाबालिग से किया दुष्कर्म, एसपी के निर्देश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी को बहाने से बुलाकर दुष्कर्म किया गया। खून से लथपथ किशोरी ने परिजनों को घटना बताई। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मामले की शिकायत एसपी से की गई। तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। इस बीच आरोपी फरार हो गया।

पीड़िता की मां ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे उसकी 14 वर्षीय पुत्री घर के सामने पशुओं को चारा-पानी दे रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला भूरे पुत्र सलामू घर पहुंचा और किशोरी से कहा कि उसे भाभी घर पर बुला रही हैं। जैसे ही बालिका उसके घर पहुंची, भूरे ने अपनी भाभी अतीकुन की मदद से उसे कमरे में बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। 

बालिका की तलाश करते हुए उसकी दो बड़ी बहनें चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचीं तो किशोरी को खून से लथपथ हालत में पाया। मां ने बताया कि शाम को घर वाले किशोरी को लेकर कोतवाली पहुंचे लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। पुलिस से निराश परिजनों ने सोमवार ने पीड़िता के साथ एसपी आफिस पहुंच कर कार्रवाई की फरियाद की।

मां ने बताया कि एसपी कार्यालय से महिला सिपाही के साथ बालिका को डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, पुलिस की निष्क्रियता से आरोपी भूरे गांव से भाग निकला। क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि मामले में सोमवार शाम मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी भूरे नाबालिग बताया जा रहा है।

संबंधित समाचार