Kanpur CSA : सीएसए के कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने दिया त्यागपत्र, मंडलायुक्त को मिला कार्यभार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ( सीएसए ) कानपुर के कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने त्यागपत्र दे दिया है। मंगलवार को कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनके त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया और मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन को कार्यभार सौंपा है।

पिछले माह दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान में अव्यवस्था को लेकर राज्यपाल ने सवाल खड़े किए थे। बताया जा रहा है कि कुलपति इस बात से नाराज थे और उन्होंने त्यागपत्र दे दिया। कुलपति ने त्यागपत्र की वजह पारिवारिक कारण बताया है। 

18 सितंबर को विवि के 27 वें दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने विवि की रैंकिंग गिरने पर नाराजगी जताई थी और पठन- पाठन के स्तर पर सवाल खड़े किए थे। इतना ही नहीं उन्होंने हॉस्टल में सुविधाओं, गंदगी आदि समस्याओं पर भी नाराजगी जाहिर की थी। 

कुलाधिपति ने कहा था कि विवि में पढ़ाई अच्छी होगी तो रैंक भी ऊपर आएगी। रैंक नीचे जा रही है तो विश्वविद्यालय कैसे अच्छा हो सकता है। गेस्ट टीचर के भरोसे पूरा विश्वविद्यालय संचालित हो रहा है। नियमित शिक्षक अपनी कक्षाओं में पढ़ाने नहीं जाते हैं। 13 अक्टूबर को कुलपति डा. आनंद कुमार सिंह ने त्यागपत्र राज्यपाल को भेज दिया था। मंगलवार को उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया।

संबंधित समाचार