घर घर अभियान...वोटरों की पहचान, एसआईआर की तैयारियों में जुटी भाजपा; बूथ लेवल एजेंट तैनात
कानपुर, अमृत विचार। भाजपा 4 नवंबर से शुरू हो रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में जुटेगी। इसके लिए भाजपा अभी से अपनी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी कार्यकर्ता 4 नवंबर से 4 दिसम्बर 2025 तक घर घर कुंडी खटखटाकर एक जनवरी 2026 को अठारह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे।
भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में बुधवार को जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की तैयारियों के बारे में चर्चा की। शिवराम सिंह ने बताया कि पार्टी प्रत्येक बूथ पर निवास करने वाले योग्य, समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) बनाया गया है।
कहा कि राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला पदाधिकारी, पार्षद अपने अपने बूथों पर बूथ लेवल एजेंट की जिम्मेदारी निभाएंगे। ये बीएलए बूथ पर नियुक्त सरकारी बीएलओ के मददगार बनेंगे। उन्हें मतदाता सूची से संबंधित बूथ की हर जानकारी से अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि डुप्लीकेट, सिफ्टेड, डेड मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में न रहें। एक बूथ पर बारह सौ से अधिक मतदाता न हों। ये बीएलए ही घर घर जाकर शहर छोड़कर बाहर रहने वाले,जिनका नाम दो विधानसभाओ की मतदाता सूची में दर्ज है या जिन लोगों की मृत्यु हो गई है ऐसे बोगस डुप्लीकेट , सिफ्टेड, डेड मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने में बीएलओ का सहयोग करेंगे।
बीएलओ मतदाताओं को दो पन्नों का गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरवा कर एक प्रति प्राप्त करेंगे जब कि दूसरी प्रति मतदाता के पास रिसीविंग रहेगी। बूथ लेवल एजेंट दिव्यांग, वृद्ध, बीमार और अशिक्षित लोगों को पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल कराने में मददगार बनेंगे। इसके अलावा जिन लोगों के नाम किसी कारण वश अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराएंगे।
दो बूथों की मतदाता सूची में अंकित मतदाताओं के नाम मतदाता की सहमति से केवल एक बूथ पर शामिल किया जाएगा । यदि किसी परिवार का नाम पहले से उसी पते पर मतदाता सूची में दर्ज है तो अन्य सदस्यों को अलग से प्रमाण पत्र देने की जरूरत नहीं है। प्रमुख रूप से राम बहादुर यादव,जसविंदर सिंह, गणेश शुक्ला, विनोद मिश्रा, मनीष त्रिपाठी, राजन चौहान रहे।
नाम जोड़ने, घटाने और संशोधन के आवेदन
भाजपा दक्षिण मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक नाम जोड़ने, घटाने और संशोधन के आवेदन लिए जा सकेंगे। पहचान के लिए आधार, राशन कार्ड,पैन, ड्राइविंग लाइसेंस,बैंक, डाकघर की पासबुक सहित 12 तरह के दस्तावेज मान्य होंगे। नई मतदाता सूची त्रुटि रहित बनाने के खातिर बूथ लेवल एजेंटों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, घटाने और संशोधन में पूरी पारदर्शिता रखने के निर्देश दिए गए हैं।
