कानपुर में कचेहरी की बहुमंजिली इमारत से स्टेनो ने लगाईं छलांग...मौत, मां और नाना का आरोप, प्रताड़ना के कारण आत्महत्या
कानपुर, अमृत विचार। बीते दिनों कचेहरी में बहुमंजिली इमारत से छलांग लगाकर मौत को गले लगाने वाली स्टेनो नेहा संखवार के परिजनों की बात पुलिस सुने और उसी आधार पर दोषियों पर एफआईआर दर्ज करे। नेहा की मां और नाना का आरोप है कि जो दोषी हैं, उन्हीं की ओर से आत्महत्या की पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की मांग है कि दिवंगत बेटी नेहा को इंसाफ मिलना चाहिए।
बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधि मंडल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में दिवंगत नेहा संखवार आत्महत्या प्रकरण में पुलिस कमिश्नर से मिला और परिवार के बयान अनुसार आरोपियों पर कार्यवाही की मांग की। इस दौरान दिवंगत नेहा के नाना जयप्रकाश भी मौजूद रहे।
नेहा के परिवार विशेषकर मां मनोज ने पुलिस कमिश्नर को बताया है कि पेशकार और चपरासी की प्रताड़ना के कारण नेहा ने आत्महत्या की। नेहा की मां ने कल बयान दे दिए हैं। नेहा की मां से अंतिम बार फोन पर होने वाली बात को भी लिखित रुप में कमिश्नर को दिया गया है। प्रतिनिधि मंडल का आरोप है कि आरोपी ही वादी बनाए गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल को पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वे खुद मौके पर पहुंचे थे और सुसाइड नोट ढूंढवाने के लिए खुद कार्यवाही की। नेहा की अंतिम बात मां से हुई थी और वो लिखित में मां ने दे दिया है जिसको जांच में सम्मिलित किया जाएगा। कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, कानपुर ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला, भूधर नारायण मिश्रा,आलोक मिश्रा, नरेश त्रिपाठी, कनिष्क पांडे, विकास अवस्थी, जेपी पाल, सुमन तिवारी, अतहर नईम, रत्नेश गुप्ता,पुनीत शर्मा आदि मौजूद रहे।
