शामली : सीएमओ आफिस का रिश्वतखोर लिपिक गिरफ्तार, एंटी करप्शन ने रंगेहाथ दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सहारनपुर की एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को सीएमओ आफिस में तैनात लिपिक को मृत्यु प्रमाण पत्र का सत्यापन कराने के नाम पर 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। जानकारी के अनुसार शहर के झिंझाना रोड निवासी आशीष के दादा राजस्व विभाग में कार्यरत थे जिनकी मृत्यु हो चुकी है।

आशीष अपने दादा के मृत्यु प्रमाण पत्र का सत्यापन कराने के लिए सीएमओ कार्यालय गया था, वहां पर स्टोरकीपर और चिकित्सा प्रतिपूर्ति पटल पर तैनात बाबू राकेश कुमार ने प्रमाण पत्र सत्यापन के नाम पर आशीष से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जिसके बाद आशीष ने मामले की जानकारी सहारनपुर की एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों को दे दी।

गुरुवार को टीम शामली पहुंची तथा आशीष को 25 हजार रुपये की नकदी देकर उसे लिपिक को देने को कहा। आशीष ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर जैसे ही लिपिक को 25 हजार रुपये दिए, उसी समय टीम ने वहां पहुंचकर लिपिक राकेश को दबोच लिया, उसके पास से रुपये भी बरामद हो गए। टीम रिश्वतखोर लिपिक को पकडकर कोतवाली ले आयी तथा पुलिस के हवाले कर दिया जहां उससे पूछताछ की जा रही है।  

संबंधित समाचार