Moradabad: मौसम के बदले रंग से बढ़े संक्रामक मरीज, डेंगू का डंक कर रहा परेशान
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम में बदलाव के साथ ही संक्रामक रोग तेजी से बढ़ा है। यह स्थिति तब है जब स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संक्रामक रोग नियंत्रण कार्यक्रम अभियान चलाया गया। जिला अस्पताल समेत स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में बुखार के साथ ही डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को डेंगू का डंक खूब परेशान कर रहा है। ऐसे में लोग इलाज के साथ ही प्लेटलेट्स बढ़ाने के जतन में लगे हैं।डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है।
प्लेटलेट्स बढ़ाने के लिए लोग कीवी फल और नारियल पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। चिकित्सक भी मरीजों को इनके सेवन की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में इनकी मांग बढ़ने के साथ दाम में भी बढ़ोत्तरी हुई है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है। वहीं, जिले में अब तक 64 मलेरिया के मरीजों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई है। साथ ही टायफाइड व वायरल बुखार की चपेट में काफी लोग आ रहे हैं। जिला अस्पताल में फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि रोजाना अस्पताल में बुखार के नए मरीज आ रहे हैं।
अधिकांश बुखार के मरीजों में डेंगू, मलेरिया और टायफाइड के लक्षण मिल रहे हैं। ऐसे में जांच कराने के बाद उसी के आधार पर उन्हें इलाज दिया जा रह है। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। डेंगू और टायफाइड में प्लेटलेट्स तेजी से गिरती है। प्लेटलेट्स बढ़ाने में हरे नारियल का पानी, कीवी फल बहुत ही सहायक माना जाता है। बाजार में इनकी मांग तेजी से बढ़ी है। एक महीने पहले तक 100 रुपये में चार कीवी की बिक्री हो रही थी, इस समय 40 रुपये में एक बिक रहा है। 60 से 65 रुपये में बिकने वाला नारियल इस समय 80 रुपये तक में बिक रहा है। गुलाबबाड़ी चुंगी के पास नारियल खरीद रहे संजय कुमार ने बताया कि डेंगू और मलेरिया के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। वह अपने और अपने परिवार वालों के लिए नारियल पानी और कीवी खरीद रहे हैं। चिकित्सकों ने नारियल पानी पीने की सलाह दी है, इसलिए खरीदने आए हैं।
मांग ने बढ़ाए दाम
विक्रेता शहजाद ने बताया कि इस समय फलों के साथ ही नारियल पानी की मांग बीते 15 दिनों में तेजी से बढ़ गई है, जिससे इनके दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। एक माह पहले वह रोजाना करीब 150 नारियल व 10 किलो कीवी बेचते थे, अब नारियल करीब 250 और कीवी फल करीब 20 किलो के आसपास बिक जा रही हैं।
