उद्योगों के लिए इन्वेस्टमेंट-फ्रेंडली वातावरण तैयार करेगा यूपीसीडा, अधिकारी ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने लखनपुर स्थित मुख्यालय में समीक्षा बैठक की। प्राधिकरण की नीतियों एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने औद्योगिक निवेश लक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के आदेश दिए। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि यूपीसीडा राज्य सरकार के इनवेस्ट यूपी विजन को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा। संस्था का लक्ष्य है  राज्य में उद्योगों के लिए पारदर्शी, आधुनिक और निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करना।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक राज्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से यूपीसीडा की प्राथमिकता औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार, आधुनिकीकरण एवं प्रतिस्पर्धी निवेश माहौल के निर्माण पर केंद्रित है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से निवेशकों को सरल और पूर्णतः डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए। भूमि आवंटन प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित एवं त्वरित बनाने के लिए निवेश मित्र पोर्टल और ई ऑक्सन सिस्टम को सशक्त करने का प्रयास करने की बात कही। आगरा एवं प्रयागराज में आईएमसी परियोजनाओं को गति देकर राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। ललितपुर में बल्क ड्रग एवं फार्मा पार्क के विकास के माध्यम से उत्तर प्रदेश को औषधि निर्माण का केंद्र बनाने का लक्ष्य है।

कहा कि  औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सुविधा केंद्र, पिंक एवं सार्वजनिक टॉयलेट, ट्रक ले-बे, वेन्डिंग जोन, सीसीटीवी, मियावाकी पार्क, स्ट्रीट लाइट, हाइ–मास्ट आदि सुविधाओं के उन्नयन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, उद्यमियों से फीडबैक प्राप्त करने हेतु क्यूआर कोड आधारित प्रणाली को और व्यापक बनाया जाएगा। यूपीसीडा का लक्ष्य है कि राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, बिजली, जल निकासी एवं संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर एक आधुनिक, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र  तैयार किए जाने का प्रयास किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि यूपीसीडा का उद्देश्य राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को सशक्त बनाने, निवेशकों में विश्वास बढाने और डिजिटल रुप से सुदृण करने की प्रतिबद्धता है। यूपीसीडा राज्य सरकार की औद्योगिक नीति के अनुरूप कार्य करते हुए एमएसएमई, स्टार्टअप एवं बडे निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा, जिससे प्रदेश के जनपद में औद्योगिक विकास एवं रोजगार की संभावनाओं को बढावा मिल सके। पारदर्शिता, समयबद्धता और निवेशकों के भरोसे पर आधारित औद्योगिक वातावरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


ये भी पढ़े :
आज से पर्यटकों के लिए खुल गया कतर्नियाघाट: इन जंगली जानवरों का करें दीदार, ठहरने से लेकर इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ 

संबंधित समाचार