कानपुर : रेलवे स्टेशन रोड से अतिक्रमण हटेगा, बनेंगी सड़कें
छावनी क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने के लिए सबमर्सिबल पंप, मार्ग प्रकाश, कूड़े की उठान, फुटपाथों पर इंटरलाकिंग की जाएगी
कानपुर, अमृत विचार। जीटी रोड से रेल बाजार होते हुए कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण, फुटपाथ पर कब्जा, सड़कें खराब होने के कारण यात्रियों की गाड़ी छूट जाती है। इस समस्या का निदान करने के लिए छावनी परिषद रेलवे स्टेशन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराएगा, फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और सड़क को भी दुरुस्त किया जाएगा।
शनिवार को छावनी परिषद की बैठक में ये फैसला लिया गया। इस बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, कैंट विधायक मोहम्मद हसन रुमी, छावनी परिषद के अध्यक्ष शब्बरुल हसन, नामित पार्षद लखन ओमर, मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पीडी ने प्रमुख रुप से शिरकत की।
बैठक में छावनी क्षेत्रों में विकास की गंगा बहाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर मुहर लगी। छावनी क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने के लिए 40 हार्स पावर के 2 सबर्सिबल पंप के लिए 4,39000 रुपये की मंजूरी दी गई। इसी प्रकार 30 हार्स पावर के 4 पंप को मंजूरी मिली जिसके लिए 7, 54000 रुपये मंजूर किये गये। स्ट्रीट लाइट के लिए 300 पीस पर 14,61000 रुपये की मंजूरी दी गई।
छावनी परिषद में स्वीकृत कार्य
सीसी सड़क निर्माण के लिए 1,42,75000 रुपये
वाटर पाइप लाइन 36,30000 रुपये
नालियों का ड्रेनेज 53,90000 रुपये
सीवर लाइन मेन होल मरम्मत 19,35000 रुपये
विभिन्न विकास कार्य के लिए 76,25000 रुपये
स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत 6, 60000 रुपये
ग्रिल आदि के लिए स्वीकृत 35,60000 रुपये
सड़कों का डामर 96,70000 रुपये
इंटरलाकिंग टाइल्स 26,50000 रुपये
विकास का कुल स्वीकृत धन 4, 93, 95000 रुपये
