पीलीभीत : दुष्कर्म के आरोपी ने बरामद कराया नवजात शिशु के शव का अवशेष..गड्ढे में किया था दफन
बीसलपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। किशोरी से दुष्कर्म कर गर्भपात कराने के मामले में नया मोड़ आया है। अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने गड्ढा कर दफनाए गए नवजात के शव के अवशेष बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम बुलाकर कार्रवाई कराई गई।
बता दें कि क्षेत्र की एक किशोरी ने सप्ताह भर पूर्व कोतवाली में तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि गांव के विवाहित युवक सतीश पुत्र रूपलाल ने उसे बहला फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया और दुष्कर्म किया। वह गर्भवती हो गई तो अपने साथियों की मदद से उसका गर्भपात करा दिया।
आरोप लगाया था कि शिशु का शव गांव में गड्ढा खोदकर दफनाया गया था। मामले की भनक जब किशोरी के पिता को लगी तो लोक लाज के कारण जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इसके पश्चात किशोरी ने 24 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने गांव के सतीश कुमार, नीरज पत्नी सतीश कुमार, शिवानी और ओम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी सतीश को न्यायालय से रिमांड पर लिया। सीओ प्रगति चौहान, कोतवाल संजीव शुक्ला, नायब तहसीलदार अवधेश कुमार की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम के साथ गांव पहुंचकर आरोपी की निशानदेही पर दफनाए गए शव के अवशेष बरामद कर लिए। जिसे परीक्षण के लिए फोरेंसिक टीम प्रयोगशाला भेजेगी। पूछताछ के बाद आरोपी युवक को पुनः जेल भेज दिया है।
