UP: साढ़े चार माह बाद पीटीआर में लौटी रौनक...हवन पूजन से पर्यटन सत्र शुरू
पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में साढ़े चार माह के सन्नाटे के बाद शनिवार को रौनक लौट आई। शनिवार को बराही रेंज स्थित वन विश्रामगृह में हवन पूजन के साथ पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 12वें पर्यटन सत्र की शुरुआत हुई। वन मंत्री ने नए बराही गेट का उद्घाटन किया और सफारी वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना कराया। पहले दिन स्कूली बच्चों समेत 500 से अधिक सैलानियों ने निशुल्क सफारी वाहनों से चूका बीच तक सैर की। पर्यटन सत्र के पहले दिन सैलानियों में खासा उत्साह देखा गया।
देश-दुनिया में बाघों के मशहूर पीलीभीत टाइगर रिजर्व शनिवार को सैलानियों के खोल दिया गया। इसके लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन पिछले कुछ दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था। इस बार बराही रेंज स्थित गेस्ट हाउस परिसर में हवन पूजन के साथ नए पर्यटन सत्र की विधिवत रूप से शुभारंभ किया। हवन पूजन के दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, मुख्य सचिव वन अनिल कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा वेमुरी, मुख्य वन संरक्षक बरेली वृत्त पीपी सिंह, एफडी रमेश चंद्रा, डीएम ज्ञानेंद्र सिह, सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एएसपी विक्रम दहिया,डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह मौजूद रहे।
वन मंत्री ने कहा कि टाइगर रिजर्व में नया बराही पर्यटन गेट खुलने से दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को आसानी होगी और आसपास रहने वाले लोगों को रोजगार मिलेगा। कहा कि हम प्रयास कर रहे हैं कि टाइगर रिजर्व घूमने के लिए आसपास के रहने वाले लोगों की सफारी गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाए। चालक एवं गाइड के लिए स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण दिया जाए। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए सामान की बिक्री के लिए एक काउंटर दिए जाने की बात कहीं, ताकि अन्य प्रदेशों से आने वाले पर्यटक स्थानीय उत्पादों को जानें और उनकी खरीदारी करें। इस दौरान वन मंत्री ने परिसर में पौधारोपण किया।
महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामानों को देखा एवं जानकारी प्राप्त करते हुए उनके उत्पादों की प्रशंसा की। वन मंत्री ने नए बराही पर्यटन केंद्र का उद्घाटन किया। पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान द्वारा नारियल फोड़ने के बाद वन मंत्री ने एक सफारी वाहन को झंडी दिखाकर सफारी वाहनों के संचालन की शुरुआत कराई। स्कूली बच्चों समेत अन्य लोग सफारी वाहनों पर सवार चूका बीच पहुंचे। पहले दिन समारोह में मौजूद लोगों को निशुल्क सफारी वाहनों से सैर कराई गई। सफर को यादगार बनाने के लिए विभाग की ओर से चूका बीच में सोबेनियर शॉप भी खोली गई। यहां सैलानियों ने वाइल्ड लाइफ से जुड़ी टीशर्ट, कैंप और अन्य सामान की खरीदारी की। सफारी के दौरान सैलानियों को हिरन, जंगली सुअर, मोर समेत अन्य वन्यजीवों के दीदार हुए। पुष्प इंस्टीट्यूट के डॉ. एसपीएस संधू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी पीटीआर रमेश चौहान, क्षेत्रीय वनाधिकारी बराही रेंज अरुण मोहन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने लिया सफारी का आनंद
वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, मुख्य सचिव वन अनिल कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, डिप्टी डायरेक्टर समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी सफारी वाहनों से चूका बीच पहुंचे। चूका बीच पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने यहां बनी हटों समेत अन्य खूबसूरत नजारों के करीब से देखा। वहीं कुछ जनप्रतिनिधियों ने स्कूली बच्चों के साथ भी फोटो खिंचवाए।
सेल्फी का रहा खासा क्रेज
चूका बीच में सैलानियों में सेल्फी लेने का खासा क्रेज देखा गया। अधिकांश सैलानी चूका बीच में हरी-भरी वादियों के साथ सेल्फी लेते देखे गए। इसमें परिवार समेत आए सैलानी भी पीछे नहीं रहे। कोई शारदा सागर डैम के नजदीक तो कोई वाटर हट पर सेल्फी लेते देखा गया।
टूटे नियम तो बाइफरकेशन से वापस कराई निजी गाड़ियां
पीलीभीत, अमृत विचार: पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र के पहले दिन वीआईपी कल्चर हावी रहा। पर्यटन सत्र के उद्घाटन समारोह के दौरान बाघ संरक्षण प्राधिकरण के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। दरअसल सफारी वाहनों के साथ ही तमाम प्राइवेट गाड़ियां भी जंगल मार्गों पर सरपट दौड़ गई। आरोप यह भी है कि सफारी वाहनों को रोककर प्राइवेट गाड़ियों को जंगल के अंदर रवाना किया गया। इस दौरान कुछ वन अफसर भी मौजूद रहे। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी सवालियां निशान खड़े हो रहे हैं। हालांकि बताते हैं कि नए बराही गेट से जंगल में रवाना हुई प्राइवेट गाड़ियों को बाइफरकेशन पुल पर रोक दिया गया। इसमें कुछ स्थानीय नेताओं की गाड़ियां भी थीं। इस संबंध में मुख्य वन संरक्षक बरेली वृत्त पीपी सिंह ने बताया कि उद्घाटन समारोह में गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया था। इसके चलते कुछ निजी वाहन भी जंगल में गए हैं। इस मामले को दिखवाया जाएगा।
