सड़क हादसा : टैंकर ने बाइक को रौंदा...रेलवे कर्मचारी की मौत व बेटा घायल
शाहबाद (रामपुर) अमृत विचार। रविवार को रिश्तेदारी में मौत में जा रहे बाइक सवार को टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार रेलवे कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला संभल के चंदौसी मौलागढ़ निवासी हेमराज 50 वर्ष जो कि रेलवे में ग्रुप-डी के पद पर तैनात था। रविवार को वह अपने पुत्र अंशुल के साथ अपनी मामी के निधन जिला बरेली के फिरोजपुर जा रहा था। जैसे ही वह शाहबाद नवीन मंडी के पास पहुंचे पीछे से आ रहे टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। मार्ग पर गिरकर हेमराज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर टैंकर को कब्जे में ले लिया। शव को लेकर सीएचसी शाहबाद पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
तेजी रफ्तार वाहन बन रहे हादसों का कारण
शाहबाद पटवाई रोड पर 24 घंटे डंपर और टैंकर तेजी के साथ दौड़ते हैं। जिसके चलते इस रोड पर आए दिन लोगों की मौत हो रही है। सुरक्षा के लिहाज से मुख्य चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहता है। उसके बाद भी पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। कुछ दिन पहले भी डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। रविवार को हुए हादसे में रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। उसने अपने पीछे एक बेटा अंशुल व एक बेटी बेबो छोड़ गया।
