डॉग शो : 27 बार का विजेता ''रेड'' बना चैंपियन...हैंडलर संग केमिस्ट्री में जीता ''मिस्टर व्हाइट''

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड कैनल क्लब की ओर से आईवीआरआई परिसर में आयोजित 43वें और 44वें अंतर्राष्ट्रीय डॉग शो में गुजरात से आया डॉबरमैन प्रजाति का रेड 44वें अंतर्राष्ट्रीय डॉग शो में चैंपियन डॉग रहा। रेड के हैंडलर मुंबई निवासी भावेश कुडलिया ने बताया कि रेड के मालिक गुजरात के रहने वाले हैं।

रेड अपने बचपन से अब तक गोवा, मुंबई, बेंगलुरु समेत अन्य डॉग शो में 27 बार चैंपियन डॉग रहा है। वहीं, हैंडलर के साथ केमिस्ट्री समेत अन्य मानकों के आधार पर देहरादून से आया लेब्राडोर प्रजाति का मिस्टर व्हाइट 43वें अंतर्राष्ट्रीय डॉग शो का विजेता घोषित किया गया। इसके हैंडलर महिपाल चौधरी ने बताया कि व्हाइट भावनात्मक रूप से भी परिवार का हिस्सा है, उसकी जीत पर हम सबको गर्व है।

भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान परिसर में रोहिलखंड कैनल क्लब की ओर से रविवार को भव्य डॉग शो का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईवीआरआई और रोहिलखंड कैनल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें देशभर से लगभग 40 नस्लों के 140 प्रशिक्षित श्वानों ने भाग लिया। विभिन्न प्रजातियों के आकर्षक श्वानों ने अपनी उपस्थिति से दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ. रूपसी तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि श्वानों के प्रजनन, संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने डॉग शो को पशुप्रेम और जिम्मेदार पालन-पोषण को प्रोत्साहित करने वाला आयोजन बताया। उपाध्यक्ष डॉ. अभिजीत पावड़े ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि 43वें डॉग शो में प्रथम स्थान गुजरात के डॉबरमैन को मिला, जबकि द्वितीय स्थान पर देहरादून का लैब्राडोर और तृतीय स्थान पर दिल्ली का पॉमेरेनियन रहा। इसके अलावा चौथे स्थान पर दिल्ली का माल्टीज, पांचवां स्थान दिल्ली के पिकनिज, छठा दिल्ली की यॉर्कशायर टेरियर, सातवां नोएडा के पामेरियन और आठवां कानपुर के रॉटवीलर का रहा।

44वें डॉग शो में लैब्राडोर (देहरादून) प्रथम, डॉबरमैन (गुजरात) द्वितीय और पॉमेरेनियन (दिल्ली) तृतीय स्थान पर रहे। विशेष पुरस्कारों में बेस्ट पपी लैब्राडोर (दिल्ली), रिवर्स बेस्ट पपी फॉक्स टेरियर (लखनऊ), बेस्ट ब्रीड इन इंडिया डॉबरमैन (देहरादून), रिवर्स बेस्ट ब्रीड इन इंडिया पॉमेरेनियन (दिल्ली), बेस्ट इंडीजीनियस ब्रीड केरावेन हाउंड (दिल्ली) को चुना गया। शो में बीगल, गोल्डन रिट्रीवर, पूडल, शित्जु, पग, डॉबरमैन, केन कोर्सो, बॉक्सर, ग्रेट डेन, रॉटवीलर, सेंट बर्नार्ड, यॉर्कशायर टेरियर, चाउ-चाउ सहित कई लोकप्रिय नस्लों के श्वानों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में उटी (तमिलनाडु) के शरद शर्मा, गोवा के सीए. मार्टिन शामिल रहे। आयोजन संचालन में रिंगस्टीवर्ड अतीन्द्र घोष (कानपुर), शैलेंद्र (सहारनपुर), राजीव सचदेवा, अध्यक्ष दिलीप कुमार टंडन, मानद सचिव सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल गुरदीप सिंह, उपाध्यक्ष अमित यादव, शो सचिव डॉ. डीके सक्सेना, कोषाध्यक्ष पवन भसीन, सदस्य बलवीर कौर, ममता भसीन, अंकित टंडन का विशेष योगदान रहा।

डॉग शो में ये श्वान रहे आकर्षण का केंद्र

- कांग : केन कोर्सो प्रजाति का कांग के हैंडलर भुता निवासी सहदेव घोष ने बताया कि इसकी उम्र एक साल है। इसका वजन करीब एक क्विंटल के आसपास है।


- सुल्तान : अमेरिकन बुली प्रजाति का सुल्तान के हैंडलर पीलीभीत निवासी जेएस ढिल्लो ने बताया कि इसकी उम्र करीब पांच साल है।


- मैगी : पॉमेरेनियन प्रजाति की मैगी के हैंडलर चौपुला निवासी शिवांग उपाध्याय ने बताया कि इसकी उम्र 12 महीने है। अपने छोटे कद के चलते ये आकर्षण का केंद्र रही।

- सुल्तान : पूडल प्रजाति का सुल्तान अपने हेयरस्टाइल से डॉग शो में आकर्षक बना। हैंडलर दिल्ली के ऋषभ ने बताया कि इसकी बालों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाता है।


- घोस्ट : साइबेरियन हस्की प्रजाति का घोस्ट के हैंडलर हर्ष अवस्थी ने बताया कि अपनी नीली आंखों और भेड़िए जैसी कदकाठी के चलते ये आकर्षण का केंद्र रहा।


रफ्तार : माल्टिज प्रजाति के रफ्तार के हैंडलर दिल्ली निवासी विशाल सोढ़ी ने बताया कि इसकी उम्र करीब तीन साल है। रफ्तार इससे पहले आगरा और अल्वर में हुए डॉग शो में चैंपियन रहा। लंबे बालो से आकर्षित दर्शकों के बीच सेल्फी डॉग बना।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज