Bareilly: नार्थ सिटी में कुत्ते को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला...पशु प्रेमी ने दर्ज कराई FIR
बरेली, अमृत विचार। सारा शहर इन दिनों कुत्तों के आतंक से परेशान है, हिंसक कुत्ते लगातार बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। मगर इस बीच पशु क्रूरता की हदें पार करने वाला मामला सामने आया। इज्जतनगर में डंडों से पीट पीटकर कुत्ते को मार डाला। अब आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पूरा मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र की नार्थ सिटी का है, यहां रहने वाले पशु प्रेमी दंपति रविंद्र जुयाल और आभा जुयाल आवारा कुत्तों को आसरा देते हैं। कड़ाके की सर्दी और तपती गर्मी से बचने के लिए कुत्तों को वह अपने घर तक में पनाह देते हैं। बीती 30 अक्टूबर को पड़ोस की ही एक लड़की उनके घर पर घायल कुत्ता लेकर आई।
लड़की के मुताबिक नार्थ सिटी के ही रहने वाले बीएस नेगी ने कुत्ते को पीट-पीटकर घायल कर दिया। जिसके बाद वह उसको इलाज के लिए आईवीआरआई लेकर गए। मगर शनिवार को कुत्ते की मौत हो गई। पशु प्रेमी रविंद्र जुयाल की तहरीर पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
