श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, बलिदानी कारसेवकों को दी गई श्रद्धांजलि
अयोध्या, अमृत विचार: श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य संपन्न हो गया। ट्रस्ट मंदिर आंदोलन में प्राणों की आहुति देने वाले कारसेवकों के नाम शहीद स्तंभ लगाकर सम्मान देने की तैयारी में है। इसके पूर्व दिगंबर अखाड़ा में स्थापित शहीद स्मारक पर बलिदानी कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसमें महज चंद लोग शामिल हुए। कारसेवक स्व. रमेश चंद पांडे के आवास पर परिवार के लोगों ने धार्मिक अनुष्ठान कर देश के लिए मंगल कामना की।
30 अक्टूबर व दो नवंबर 1990 के दिन बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचे कारसेवको ने भगवान श्री राम के मंदिर को मुक्त कराने के लिए विवादित ढांचे पर चढ़कर भगवा ध्वज फहराया था। इस दौरान तत्कालीन मुलायम सिंह यादव की सरकार ने अयोध्या में गोली चलाने का आदेश दिया। इसमें कई कारसेवकों के शहीद होने की खबर रही। अयोध्या कि वह गलियां आज भीशहीद कारसेवकों की याद दिलाती हैं।
रविवार को दिगंबर अखाड़ा स्थित शहीद स्मारक पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, दिगंबर अखाड़ा के व्यवस्था प्रभारी आशुतोष, दिनेश जायसवाल, अधिवक्ता राजीव शुक्ला समेत अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित किया। शरद शर्मा ने कहा कि आज ही के दिन दो नवंबर को कार सेवकों ने उसे विवादित ढांचे पर चढ़कर भगवा लहराया था।
गोलियां चलाई गई थी। यह वही स्थान है जहां उन कर सेवकों की हुतात्मा स्थापित है। बताया कि 25 नवंबर को ध्वजारोहण के बाद इन कारसेवकों की आत्मा को शांति मिलेगी। क्योंकि आज उनका संकल्प पूर्ण हो गया है। कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट भी इन वीर शहीदों की स्मृति में शहीद स्तंभ स्थापित करने जा रहा है। अगले वर्ष से राम मंदिर परिसर में शहीद कारसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्य होगा।
ये भी पढ़े :
चित्रकूट में बड़ा सड़क हादसा : बस और जीप की टक्कर में 3 भाइयों की मौत, 5 अन्य लोग घायल
