अमेठी : कार सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
अमेठी, अमृत विचार l जिले के बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार को दिनदहाड़े बरनाटीकर गांव के पास एक सनसनीखेज वारदात हुई। गुर्जर टोला निवासी अंकित सिंह (30) पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दीं। इनमें से चार गोलियां उसके पैर में और एक गोली हाथ में लगी।
घायल अंकित को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। उन्होंने गांव के चार युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात है।
