केडीए की बड़ी कार्रवाई : झांसी हाइवे किनारे बारा में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर
केडीए ने 20 बीघा में हुए निर्माण को गिराया, खरीदारों को किया सचेत
कानपुर, अमृत विचार। सीमा बढ़ने के साथ ही केडीए ने अपनी जमीनों को सुरक्षित करना भी शुरू कर दिया है। सोमवार को कानपुर देहात क्षेत्र की सीमा के तहत आने वाले बारा गांव में अवैध तरह से हुई प्लाटिंग पर केडीए ने कार्रवाई की।
केडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन क्षेत्र माती के जोनल प्रभारी ने 20 बीघा जमीन पर हुई अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर ने धराशायी कर दिया। इसके साथ ही यहां खरीदारों को जमीन न खरीदने की चेतावनी भी दी। केडीए के जोनल प्रभारी संदीप मोदनवाल की अगुवाई में टीम झाँसी हाइवे के किनारे गांव बारा पहुंची।
यहां आराजी संख्या 924, 929 एवं 931 में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में राशिद नसीम द्वारा अवैध प्लाटिंग की गई थी। इसके साथ ही ब्राइट एंजल स्कूल के पीछे भी अवैध प्लाटिंग हो रही थी दोनों ही स्थानों पर केडीए दस्ते ने प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान प्रभारी अधिकारी व अवर अभियन्ता रमाकान्त एवं प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त क्षेत्र में चल रही अवैध प्लाटिंग को चिन्हित किया जा रहा है जिसे नियमानुसार कार्यवाही करते हुए ध्वस्तीकरण कराया जायेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अवैध प्लाटिंग में प्लॉट न खरीदे अन्यथा उन पर भी कार्यवाही की जायेगी।
