Bihar Elections 2025: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर दर्ज हुई FIR, बोले- मेरे वीडियो से हुई छेड़छाड़
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान विपक्षी नेताओं के खिलाफ विवादित बयान देने को लेकर केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के खिलाफ मंगलवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गई। यह जानकारी पटना जिला प्रशासन ने दी।
वहीं इस वायरल वीडियो पर मंत्री ललन सिंह का कहना है कि उनके बयान के साथ छेड़छाड़ हुई है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। बता दें कि ललन सिंह तब एक नए विवाद में फंस गए जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थकों से कथित तौर पर यह कहते सुने जा सकते हैं कि मतदान के दिन विपक्षियों को घर से बाहर नहीं निकलने देना है।
पटना जिला प्रशासन ने एक पोस्ट में कहा, “वीडियो फुटेज की जांच जिला प्रशासन, पटना द्वारा की गई। जांच के बाद ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।”
यह वीडियो मोकामा का बताया जा रहा है, जो ललन सिंह के मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यहां ललन सिंह ने पार्टी प्रत्याशी अनंत सिंह का बचाव किया था, जो हाल ही में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार हुए हैं। ललन सिंह के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने उन पर कड़ा हमला बोला है।
वीडियो में ललन सिंह को मगही भाषा में यह कहते सुने जा सकते हैं, “कुछ लोग हैं जिन्हें मतदान के दिन बाहर निकलने नहीं देना है। उन्हें घर में बंद कर दो। अगर बहुत मनाएं तो उनके साथ मतदान केंद्र तक जाओ और वोट डालने के बाद उन्हें वापस घर भेज दो।” वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
