Moradabad: वायु प्रदूषण बढ़ा, कांशीराम नगर और जिगर कॉलोनी में AQI 200 के पार
मुरादाबाद, अमृत विचार। दिवाली में जमकर हुई आतिशबाजी के बाद खतरनाक स्तर पर वायु प्रदूषण स्तर बढ़ने के कुछ दिनों बाद धीरे धीरे वायु गुणवत्ता ठीक हुई। लेकिन दो दिन से इसमें फिर बढ़त हो रही है। मंगलवार की शाम महानगर के कांशीराम नगर और जिगर कॉलोनी सहित कई अन्य जगहों पर निर्धारित मानक से अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक पहुंच गया। इससे लोगों को परेशानी हुई।
इन दिनों कोहरे व धूल के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार की शाम यूपी पीसीबी के अनुसार कांशीराम नगर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 215 और जिगर कॉलोनी में 209 घन प्रति मिलियन (पीजीएम) रिकॉर्ड किया गया। जो खराब श्रेणी आरेंज जोन में रहा।
इसके अलावा दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर में एक्यूआई 192, बुद्धि विहार में 175 पर रहा। वहीं दिल्ली रोड पर ही ईको हर्बल पार्क क्षेत्र में एक्यूआई 152 पीजीएम रहा जो येलो जोन में माडरेट श्रेणी में शामिल रहा। इसके अलावा कांठ रोड पर सेवायोजन कार्यालय क्षेत्र में एक्यूआई 188 पर रिकॉर्ड किया गया। सड़कों पर उड़ रही धूल व वाहनों के धुंए से वायु प्रदूषण बढ़ने से लोगों को खुली हवा में सांस लेने में भी मुश्किल हो रही है।
वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण
नगर निगम के पर्यावरण अभियंता अभिषेक कुमार का कहना है कि जिस क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ता है वहां वाटर स्प्रिंकलर से पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया जाता है। महानगर में सड़कों की मैकेनिकल सफाई कराई जाती है जिससे धूल के कण हवा में न शामिल हो सकें। वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
