Traffic Month: लखनऊ में प्रमुख चौराहों का हाल बेहाल: कैसरबाग़ में जाम... रेंगते वाहन, ठीक से काम नहीं कर रहे  सिग्नल  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

नीरज मिश्र/ लखनऊ, अमृत विचार : यातायात और सड़क सुरक्षा माह चल रहा है, लेकिन शहरवासी जाम और यातायात अराजकता से कराह रहे हैं। हजरतगंज हो या कैसरबाग चौराहा, कैसरबाग बस अड्डा, लाटूश रोड हो या फिर चौक चौराहा सभी जगह पर जाम और यातायात अराजकता देखने को मिलेगी। निशातगंज, गोमती पुल, श्रीराम टावर, मेडिकल कॉलेज, रकाबगंज, अमीनाबाद तिराहा, नादान महल रोड, नक्खास समेत शहर के करीब-करीब हर चौराहे पर जाम का आलम है। 

Untitled design (84)

कुछ प्रमुख स्थलों और चौराहों की तस्वीरें बता रही हैं कि राजधानी में जाम और यातायात अव्यवस्था अपने चरम पर है। लोगों को लंबी कतारों के बीच काफी देर तक फंसा रहना पड़ता है। लाटूश रोड पर सड़क पर ही लंबी दूरी तक चौपहिया वाहन खड़े नजर आएंगे। इससे फैली अराजकता श्रीराम रोड, अमीनाबाद और दवा बाजार तक देखने को मिलेगी।

छह मार्गों को जोड़ने वाला कैसरबाग बेहाल, जाम और रेंगते वाहन

कैसरबाग चौराहे को देखते ही शहर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था की स्थिति साफ हो जाती है। कैसरबाग चौराहा—अगर इसे छह मार्गों को जोड़ने वाला ‘गेट’ कहें तो गलत न होगा। एक मार्ग लाटूश रोड होते हुए चारबाग की ओर जाता है, दूसरा वाया नजीराबाद अमीनाबाद पहुंचता है।

Untitled design (85)

तीसरा मार्ग कैसरबाग बस अड्डे की ओर जाता है, तो चौथा कैसरबाग बारादरी-भातखंडे की ओर का रास्ता है। पांचवां मार्ग लालबाग-हजरतगंज और छठा शुभम सिनेमा होते हुए बर्लिंग्टन चौराहे की ओर ले जाता है। जब इस चौराहे पर जाम लगता है या वाहन रेंगने की स्थिति में होते हैं, तो काफी दूर तक अराजकता फैल जाती है। रोज ही ऐसे हालात से लोग घंटों दो-चार होते हैं।

सिग्नल हैं, लेकिन चलते नहीं

Untitled design (87)

कैसरबाग समेत शहर के कई इलाकों में सिग्नल तक चलते नहीं। कैसरबाग में सिग्नल बंद हैं। सुबह के समय इसी प्रमुख स्थल पर एक दोपहिया सवार बिना हेल्मेट तीन सवारियों के साथ निकलता दिखाई देता है। यहां पर बड़ी संख्या में यातायात कर्मी रहते हैं, लेकिन वाहन चालक इस बात से कतई चिंतित नहीं होते कि उनका चालान हो भी सकता है।

ये भी पढ़े : 
कानपुर में महिला की मौत : बच्चों ने लगाया सौतेले पिता पर पीटकर मारने का आरोप, जांच के आधार पर कार्रवाई में जुटी पुलिस   

 

 

संबंधित समाचार