Bareilly : आगामी चुनावों में कुर्मी वोट बैंक पर टिकी अपना दल की नजर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में कुर्मी वोटरों के प्रमुख केंद्र बरेली में अपना दल (एस) के स्थापना दिवस पर जुटी भीड़ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की मजबूती का स्पष्ट संकेत दे दिया। सम्मेलन में जुटी भीड़ ने साबित कर दिया कि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के संघर्षों के बीच उनकी पार्टी अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने पैर जमा चुकी है।

सम्मेलन में 80 फीसदी लोग कुर्मी समुदाय से थे, जो पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इधर, दावा किया जा रहा है कि यह कार्यक्रम पश्चिमी यूपी में हुए किसी भी कार्यक्रम के मुकाबले अब तक का सबसे बड़ा और सफल रहा है। पार्टी के नेताओं की दावा है कार्यक्रम की गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक रही।

जिलाध्यक्ष एड. अनुज गंगवार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देना था। पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल कहते थे जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी और जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी जिम्मेदारी। समारोह में जुटी भीड़ ने साबित कर दिया कि अपना दल आगामी चुनावों में पूरी तैयारियों के साथ डटेगा। जिला पंचायत के चुनाव में हर वार्ड तो विधानसभा चुनाव में प्रत्योक विधानसभा से अपना प्रत्याशी खड़ा करेगा। अनुप्रिया पटेल ने भी संकेत दिया कि पार्टी कभी भी अपने संस्थापक की विचारधारा से अलग नहीं होगी और व्यवस्था परिवर्तन के लिए हमेशा काम करती रहेगी। उन्होंने बरेली संगठन को कार्यक्रम के सफल आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने न केवल पार्टी की मजबूती का प्रदर्शन किया, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार और संगठनात्मक मजबूती के लिए भी एक बड़ा संदेश दिया।

जाम से बेहाल हुए लोग, पुलिस को बहाना पड़ा पसीना
बरेली, अमृत विचार : अपना दल एस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से वियाबानी कोठी से गांधी उद्यान और विकास भवन रोड जाम की गिरफ्त में रही। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आलम यह था दूसरे जनपदों से हजारों की संख्या में लोगों ने अपने वाहनों को सरकारी कार्यालयों या फिर रोड पर जहां मौका मिला खड़ा कर पैदल ही केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को सुनने के लिए निकल पड़े। अर्बन हाट के ऑडिटोरियम में जगह न मिलने पर बाहर लगीं एलईडी स्क्रीन के सामने खड़े होकर अनुप्रिया पटेल को सुनते नजर आए।

 

संबंधित समाचार