एसआईआर: बीएलओ के साथ अधिकारी पहुंचे घर-घर...लोगों को बांटे हजारों प्रपत्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के सभी 3499 बूथों पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसडीएम बहेड़ी, एसडीएम मीरगंज, एसडीएम फरीदपुर, तहसीलदार सदर आदि अधिकारी बीएलओ के साथ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण कर रहे हैं। मंगलवार से शुरू हुए इस कार्य के तहत अब तक कई हजार फार्मों का वितरण मतदाताओं को किया जा चुका है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी 3499 बूथों पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य 4 नवंबर से शुरू हुआ है। वितरण के बाद बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक घर जाकर निर्वाचकों से गणना प्रपत्र की भरी हुई प्रति प्राप्त करेंगे। जिसकी एक प्रति पावती के रूप में आवेदक को दी जाएगी।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों। लंबी समयावधि में लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर पलायन कर जाते हैं या बेटियों का विवाह होने पर वे अन्यत्र शिफ्ट हो जाते हैं। कुछ मतदाताओं की मृत्यु हो जाती है, ऐसे लोगों का नाम जहां वर्तमान निवासी हैं वहां भी और जहां के पूर्व निवासी हैं वहां भी मतदाता सूची में शामिल रहता है। ऐसे लोगों का सर्वे कर एक ही स्थान पर नाम मतदाता सूची में रहे, इसके लिए गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है।

अफसरों ने घर-घर दी दस्तक
अभियान के अंतर्गत एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र कैंट-125 के बूथ संख्या 45 में प्रपत्रों का वितरण किया। बहेड़ी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर ने बुजुर्ग महिला राधा देवी को प्रपत्र सौंपा। प्राथमिक विद्यालय सियाथेरी के कमरा नंबर 2 के बूथ के बीएलओ विक्रम सिंह, सुपरवाइजर देव ने प्रपत्र बांटे। लेखराज गंगवार, देवेंद्र गंगवार, त्रिलोक चंद्र, दिनेश कुमार, वेद प्रकाश, प्रमोद कुमार, हरीश गंगवार, रोहित गंगवार, महेंद्र कश्यप व भोलानाथ गंगवार इत्यादि मौजूद रहे। ग्राम खिजरपुर में प्रपत्रों का वितरण किया गया। उप जिलाधिकारी निधि शुक्ला ने भदपुरा के ग्राम पंचायत मर्गापुर मर्गैया में प्रपत्र बांटे। एसडीएम फरीदपुर ने प्रपत्रों का वितरण बीएलओ के साथ किया।

2003 की मतदाता सूची में नाम नहीं तो ये दस्तावेज उपलब्ध कराएं
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जिन लोगों के नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं है तो ऐसे लोग निम्न दस्तावेजों में से कोई भी गणना प्रपत्र के साथ उपलब्ध करा सकते हैं। इसमें केंद्रीय, राज्य व सार्वजनिक उपक्रम के नियमित कर्मचारी व पेंशनभोगी का पहचान पत्र व पेंशन भुगतान आदेश, 1 जुलाई 1987 से पहले सरकार, स्थानीय प्राधिकरणों, बैंकों, डाकघर, एलआईसी व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा जारी कोई भी पहचान पत्र व प्रमाण पत्र अभिलेख, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्ड व विश्वविद्यालयों द्वारा जारी मैट्रिकुलेशन व शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, वन अधिकार प्रमाण पत्र, ओबीसी, एससी व एसटी या कोई भी जाति प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां भी हो), राज्य या स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा तैयार किया परिवार रजिस्टर, भूमि व मकान आवंटन प्रमाण पत्र, आधार के लिए 9 सितंबर को जारी आयोग के निर्देश लागू होंगे।

 

संबंधित समाचार