बाराबंकी : भव्य स्वरूप में सजेगा महादेवा महोत्सव, नामचीन कलाकारों को लाने की तैयारी
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेवा में 17 नवंबर से शुरू होने वाले महादेवा महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन पूरी तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशन में मेला प्रशासन द्वारा प्रख्यात कवि, बॉलीवु व भोजपुरी के नामचीन कलाकारों से संपर्क साधा जा रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल कुमार और नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी महोत्सव की तैयारियों में पूरी तन्मयता से जुटे हैं।
महोत्सव में चार दिनों तक वॉलीबॉल, कबड्डी और दंगल जैसी क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय पहलवानों के आने की संभावना है। कवि सम्मेलन में अनामिका अंबर और विष्णु सक्सेना जैसे चर्चित कवियों से संपर्क किया गया है, वहीं भोजपुरी सितारे अक्षरा सिंह, शिल्पी राज और समर सिंह के नामों पर भी चर्चा चल रही है। शांतनु महाराज और सत्यम के कार्यक्रमों पर भी विचार किया जा रहा है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि जवाबी कीर्तन और आल्हा गायन जैसे पारंपरिक आयोजन भी शामिल किए गए हैं। क्षेत्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन चार सत्रों में कार्यक्रम होंगे। पहला 12 से 3, दूसरा 3 से 5, तीसरा 5 से 7 और अंतिम 7 बजे से समापन तक।
मेला प्रशासन ने जनपद एवं क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया है। जिलाधिकारी ने महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन में सम्मिलित होकर इसकी भव्यता को बढ़ा सकें।
