बदायूं : युवक को खंभे से बांधकर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जांच के दौरान पुलिस को पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला लगा है संदिग्ध

बदायूं (इस्लामनगर), अमृत विचार। इस्लामनगर में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। आरोप है कि तीन लोगों ने एक युवक को खंभे से बांधकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो लगने की बात सामने आई है, जिसमें एक युवक पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेते देखा जा रहा है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

इस्लामनगर के मोहल्ला तारिक नगला मुस्तफाबाद निवासी महबूब (20) पुत्र सत्तार खान शुक्रवार को सहसवान मार्ग स्थित एक मस्जिद पर नमाज पढ़ने गया था। आरोप है कि वापसी के दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। इसलिए क्योंकि एक दिन पहले-गुरुवार को इनके बीच विवाद हो चुका था। 

पीड़ित महबूब के अनुसार युवकों ने उसे  पकड़कर खंभे से बांध दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। खंभे से बंधी रस्सी जलने के बाद वह खुद मौके से भागा। झुलसी हुई हालत में अपने घर पहुंचा। परिजन युवक को इस्लामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर बताई। 

परिजनों उसे चंदौसी के निजी अस्पताल लेकर गए। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को मस्जिद में बैठने की जगह को लेकर महबूब का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते शुक्रवार को उन लोगों ने महबूब के साथ घटना की। 

पुलिस ने कस्बा के पास पेट्रोल पंप जाकर जानकारी की। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जिसमें महबूब एक बोतल में पेट्रोल लेता नजर आया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। 

पेट्रोल पंपों पर बरती जा रही है लापरवाही
-शासन से किसी को भी बोतल में पेट्रोल न देने का निर्देश दिया है। इसके बाद भी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर लापरवाही बरती जा रही है। लोगों को बोतल में पेट्रोल दिया जा रहा है। लोग वाहन में पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर बोतल में आसानी से पेट्रोल ले जाते हैं। इस्लामनगर के ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर यही हालत है।

जांच के बाद बोली पुलिस
पुलिस को एक युवक के जलने के संबंध में सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच की। युवक ने बताया कि छह नवंबर को उसका मुहल्ले के तीन लोगों से विवाद हुआ था। उन्हीं, तीन लोगों पर जलाने का आरोप लगाया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। जांच के दौरान पेट्रोल डालकर जलाने की घटना संदिग्ध प्रतीत हुई है। युवक एक पंप से बोतल में पेट्रोल लेता नजर आया है। उसने कर्मचारियों से कहा था कि उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया है। युवक का फुटेज लिया गया है। घटना भी उसी समय की है। वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। उसका पहले से इलाज चल रहा है। तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. ह्रदेश कठेरिया, एसपी देहात।

संबंधित समाचार